गोंडा:एलबीएस में छात्राओं को दी गयी विधिक व स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी

P Sharma 

एलबीएस में छात्राओं को दी गयी विधिक व स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी

महिला कल्याण विभाग ने लगाया कानूनी सहायता शिविर, छात्राओं को दी स्वास्थ्य एवं योजनाओं की जानकारी

नगर मुख्यालय स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत महिला कल्याण विभाग द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं महिलाओं को हिंसा से बचाव, कानूनी सहायता और स्वास्थ्य संबंधी जानकारी प्रदान करना था। 

इस अवसर पर हिंसा से पीड़ित महिलाओं के लिए कानूनी सहायता शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बृजलाल तिवारी ने उपस्थित छात्राओं को महिलाओं के अधिकारों और उन्हें मिलने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। 

उन्होंने कहा कि महिलाएं किसी भी प्रकार की हिंसा का सामना करने पर बिना संकोच सहायता प्राप्त कर सकती हैं। वन स्टॉप सेंटर की सेंटर मैनेजर चेतना सिंह ने कहा कि केंद्र महिलाओं को एक ही छत के नीचे परामर्श, आश्रय, पुलिस, चिकित्सीय तथा विधिक सहायता उपलब्ध कराता है। 

उन्होंने छात्राओं से अपील की कि वे खुद भी जागरूक रहें और दूसरों को भी जागरूक करें। उन्होंने कहा कि छात्राओं को चाहिए कि वे किसी भी समस्या को दबाने के बजाय खुलकर उसकी जानकारी दें। उन्होंने सभी से अपील की कि वे समाज की अन्य महिलाओं तक भी इस जानकारी को पहुँचाएँ, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो सकें। 

वहीं डॉ. अभिलाषा मिश्रा ने छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता एवं व्यक्तिगत स्वास्थ्य के महत्व पर जागरूक किया। उन्होंने स्वच्छता का पालन न करने से होने वाली बीमारियों की जानकारी दी और सुरक्षित जीवनशैली अपनाने की सलाह दी। 

कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य नियंता डॉ. चमन कौर ने की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

इस दौरान निधि त्रिपाठी, कंचन, डॉ. चमन कौर सहित बड़ी संख्या में छात्राएं मौजूद रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *