P Sharma
गोंडा: थाना कटरा का मामला 27 सितंबर को थाना कटराबाजार क्षेत्र अंतर्गत गुलाम पुरवा चौदहा मेटुकहा से करीब सौ मीटर दूर एक महिला का शव झाड़ियों में मिला था।सूचना पर उच्चाधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मौका मुआयना किया था।पुलिस ने शव का पंचायतनामा भर कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। मौके पर फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वायड की टीम ने पहुंच कर साक्ष्य जुटाए थे।वादी गंगाराम पुत्र स्वर्गीय सालिकराम की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच में जुटी थी। इसी क्रम में आज यानी मंगलवार को थाना कटरा बाजार पुलिस ने आरोपिता चंचल उर्फ आंचल पत्नी खुरभुर को गिरफ्तार कर लिया।पुलिसिया पूछताछ में आरोपिता चंचल ने बताया कि उसका मायका उमरहरा, थाना रामनगर, जिला बाराबंकी में है। वह अपने पति खुरभुर के साथ प्रेम संबंध में थी,जिसने अपनी पहली शादी को छिपाकर उससे विवाह किया।विवाह के पश्चात पता चला कि उसके पति के चार बच्चे हैं।शुरूआत में उसने पति खुरभुर और सौतन राजकुमारी के साथ रहने का निर्णय लिया। समय के साथ राजकुमारी और उसके बीच विवाद बढ़ने लगा।खुरभुर अधिकतर समय अपनी पहली पत्नी राजकुमारी के साथ रहने लगा, जिससे उसे असंतोष हुआ। गांव में रहने के दौरान राजकुमारी उसके साथ बार-बार अभद्र व्यवहार और मारपीट करती थी। लगातार अपमान और मारपीट के कारण उसने अपनी सौतन राजकुमारी की हत्या की योजना बनाई। 26 सितंबर 2025 को वह अपने ससुराल पहुंची और शौच का बहाना बनाकर राजकुमारी के साथ खेत गयी। खेत के किनारे झाड़ियों के पास बैठकर थोड़ी देर बातचीत के बाद उसने पीछे से राजकुमारी का गला दबाकर हत्या कर दी और शव को वहीं छिपा दिया।पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया और जांच में जुटी।

