P Sharma
मेरठ। जिले में महिलाओं और मासूम बच्चियों के खिलाफ अपराधों पर लगाम कसने के लिए ‘मिशन शक्ति 5.0’ के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है,थाना सरूरपुर क्षेत्र में सोमवार देर रात हुई मुठभेड़ में 25 हजार रुपये के इनामी शातिर अपराधी शहजाद उर्फ निक्की को पुलिस ने मार गिराया।शहजाद पर मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार समेत कई संगीन अपराधों के मामले दर्ज थे, और वह लंबे समय से फरार चल रहा था।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि शहजाद थाना सरूरपुर के एक सुनसान इलाके में छिपा हुआ है।विशेष पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो आरोपी ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें शहजाद को सीने और पैर में गोली लगी।घायल हालत में उसे मेरठ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में कोई पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ।
15 से अधिक मुकदमे दर्ज थे
थाना सरूरपुर के प्रभारी ने बताया कि शहजाद पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात अपराधियों में शुमार था।उसके खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर और बागपत जिलों में मासूम बच्चियों के साथ बलात्कार, छेड़छाड़, अपहरण और हत्या के प्रयास जैसे 15 से अधिक मुकदमे दर्ज थे। विशेष रूप से, दो मासूम बच्चियों के साथ दुष्कर्म के मामलों में वह मुख्य आरोपी था,पुलिस ने उसके सिर पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।शहजाद अवैध हथियारों के धंधे में भी लिप्त था और अपराध की दुनिया में ‘निक्की’ के नाम से कुख्यात था।
यह कार्रवाई ‘मिशन शक्ति 5.0’ का हिस्सा है, जो महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा विशेष अभियान है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेशभर में अपराधियों के खिलाफ सख्ती बरती जा रही है। मेरठ के एसएसपी ने कहा, “शहजाद जैसे खूंखार अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। यह मुठभेड़ महिलाओं की सुरक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है.” पुलिस ने शहजाद के पास से एक देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की है।
मेरठ:मासूम बच्चियों से रेप के आरोपी को पुलिस ने मार गिराया,25 हजार का इनामी था शातिर अपराधी,मिशन शक्ति 5.0 के तहत बड़ी कार्यवाही

