सीतापुर:शराबी पिता को पुत्री ने शराब पीने से मना किया,पिता ने लटकाया कुएं में,पुत्री की मौत

P Sharma 

सीतापुर। एक शराबी पिता ने अपनी पुत्री को  डराने के लिए कुएं में लटकाया था,उसकी मंशा उसे मारने की नहीं थी परंतु मर गई। पिता की लापरवाही और शराब के नशे में किए गए कृत्य ने पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया। मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के फुलरुवा गांव में रहने वाले श्रवण कुमार ने अपनी 12 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी को डराने के लिए कुएं में लटका दिया। नशे में किए गए इस कदम के दौरान रस्सी हाथ से छूट गई और लक्ष्मी कुएं में गिर गई, जिससे उसकी डूबने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पिता को गिरफ्तार कर लिया। घटना ने पूरे गांव में सनसनी फैला दी है और लोगों में गहरा शोक और आक्रोश है।

मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के फुलरुवा निवासी श्रवण कुमार की पत्नी लगभग छह साल पहले गुजर चुकी थी। पत्नी की मृत्यु के बाद श्रवण कुमार शराब पीने लगे और अक्सर नशे में घर आते। बीती रात भी श्रवण कुमार घर शराब पीकर लौटे और लगातार पीने लगे। उनकी 12 वर्षीय पुत्री लक्ष्मी ने पिता को शराब पीने से मना किया, लेकिन श्रवण कुमार ने इसे अनसुना कर दिया। पिता और पुत्री में कहासुनी हुई और इसी विवाद ने एक दर्दनाक घटना को जन्म दिया।

श्रवण कुमार ने लक्ष्मी को डराने के लिए घर के पास स्थित कुएं के पास ले जाकर रस्सी से बांधकर उसे कुएं में लटका दिया। इस दौरान लक्ष्मी मदद के लिए लगातार चिल्लाती रही, लेकिन आसपास कोई मदद के लिए मौजूद नहीं था। शराब के नशे में श्रवण कुमार के हाथ से रस्सी छूट गई और लक्ष्मी कुएं में गिर गई। पिता खुद भी डर और पछतावे में कुएं में कूद पड़े। तभी गांव के लोग आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और कुएं में कूदकर पिता और पुत्री को बाहर निकाला। दुखद रूप से लक्ष्मी की मौत हो चुकी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *