गोंडा: शादी का झांसा देकर जिला कोषागार के कनिष्ठ सहायक ने किया छात्रा का शोषण,भेजा गया जेल

P Sharma 

गोंडा जिला कोषागार में तैनात कनिष्ठ सहायक आशीष सिंह को पुलिस ने एक छात्रा से शारीरिक शोषण, शादी का झांसा देकर ठगी के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ नगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पीड़िता 19 वर्षीय छात्रा है और कक्षा 11 की पढ़ाई कर रही है। पीड़िता के अनुसार, तीन साल पहले उसकी मां की मृत्यु हो गई थी। इसके बाद पेंशन से जुड़े कार्य के सिलसिले में उसकी मुलाकात जिला कोषागार कार्यालय में कार्यरत आशीष सिंह से हुई थी। उस समय पीड़िता की उम्र 16 वर्ष बताई जा रही है।

शादी का झांसा देकर तीन साल तक शोषण का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि आशीष सिंह ने उससे शादी का वादा किया और इसी भरोसे पर लगातार तीन वर्षों तक शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान आरोपी ने उससे लाखों रुपये भी हड़प लिए।

पीड़िता के अनुसार, 30 नवंबर को आशीष सिंह ने किसी अन्य युवती से शादी कर ली। जब उसे इसकी जानकारी हुई तो उसने नगर कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

नगर कोतवाली पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विधिक जांच जारी है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *