गोंडा:निर्वाचन से संबंधित विशेष पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगाए गए नोडल अधिकारियों के साथ जिला अधिकारी ने की समीक्षा बैठक

P Sharma 

एसआईआर कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ करें पूर्ण–जिला निर्वाचन अधिकारी

गोण्डा  जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में निर्वाचन से संबंधित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में लगाए गए नोडल अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची के शुद्धिकरण एवं अद्यतन से संबंधित कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना तथा शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश देना रहा।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य लोकतांत्रिक प्रक्रिया का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है, जिससे यह सुनिश्चित होता है कि कोई भी पात्र मतदाता मताधिकार से वंचित न रहे और अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में शामिल न हो। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में एसआईआर कार्य को गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण करें।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने कहा कि फील्ड स्तर पर कार्यरत बीएलओ, सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखें। घर-घर जाकर सत्यापन, नए मतदाताओं का नाम जोड़ने, मृतक मतदाताओं के नाम हटाने तथा स्थानांतरित मतदाताओं के विवरण में संशोधन जैसे कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि सभी नोडल अधिकारी नियमित रूप से प्रगति की मॉनिटरिंग करें और किसी भी समस्या या बाधा की जानकारी तत्काल जिला निर्वाचन कार्यालय को दें।

बैठक में यह भी कहा गया कि एसआईआर कार्य के दौरान आम जनता को जागरूक करना अत्यंत आवश्यक है, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मतदाता विवरण की जांच कर आवश्यक सुधार करा सकें। इसके लिए प्रचार-प्रसार, जनसंपर्क तथा डिजिटल माध्यमों का प्रभावी उपयोग करने पर विशेष बल दिया गया।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या उदासीनता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी के साथ करें, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के नोडल अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने एसआईआर कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु पूर्ण सहयोग और प्रतिबद्धता व्यक्त की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *