P Sharma
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव गन्ने के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान 20 वर्षीय पूजा, निवासी मैनपुर के रूप में हुई है। उसका शव मायके से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर रामापुर गांव के पास गन्ने के खेत में बरामद हुआ।
सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस और क्षेत्राधिकारी तरबगंज मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मृतका के गले पर कसने के निशान पाए गए हैं, जिससे गला दबाकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।
पूजा की शादी 9 नवंबर को कुंजालपुर गांव निवासी सुभाष के साथ हुई थी। वह 14 जनवरी (मकर संक्रांति) पर मायके मैनपुर आई थी। परिजनों के मुताबिक, वह कल सुबह करीब 10 बजे से लापता थी।
क्षेत्राधिकारी तरबगंज उमेश प्रताप सिंह ने बताया कि मामले में मृतका के पति और उसके परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पति की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
जांच के लिए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। पुलिस मृतका के मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतका के पति शिव जन्म इस समय गोवा में हैं और सूचना मिलते ही गोंडा के लिए रवाना हो चुके हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही घटना के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।

