दिल्ली:युवा जज ने किया आत्महत्या,पत्नी और साली पर प्रताड़ना का आरोप

P sharma 

नई दिल्ली ।दक्षिणी दिल्ली के सफदरजंग एन्क्लेव इलाके से एक झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ रहने वाले 30 वर्षीय न्यायिक अधिकारी (जज) अमन कुमार शर्मा ने शनिवार (2 मई) को कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के बाथरूम में फंदे से लटका हुआ पाया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे सफदरजंग एन्क्लेव थाने को एक पीसीआर कॉल मिली। यह कॉल अमन कुमार शर्मा के जीजा शिवम ने की थी। उन्होंने बताया कि अमन ने बाथरूम के अंदर खुदकुशी कर ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि बाथरूम का दरवाजा अंदर से बंद था। गार्ड की मदद से खिड़की का शीशा तोड़कर जब लोग अंदर दाखिल हुए, तो अमन का शव फंदे से लटका मिला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

कौन थे अमन कुमार शर्मा

पद: अमन कुमार शर्मा कड़कड़डूमा कोर्ट में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA), उत्तर-पूर्वी जिले के सचिव के पद पर तैनात थे।

करियर: उन्होंने 2018 में सिम्बायोसिस लॉ स्कूल, पुणे से BA LLB किया था और 19 जून, 2021 को दिल्ली न्यायिक सेवा में शामिल हुए थे।

परिवार: उनके परिवार में पत्नी (जो स्वयं एक जज हैं) और दो बच्चे हैं, जिनमें से एक बच्चा मात्र 9 महीने का है।

परिवार के गंभीर आरोप

अमन कुमार शर्मा के पिता और परिजनों ने उनकी मौत के लिए उनकी पत्नी और साली को जिम्मेदार ठहराया है। पिता के अनुसार:

अमन ने शुक्रवार रात करीब 10 बजे फोन कर बताया था कि वह बहुत परेशान हैं और उनका जीना मुश्किल हो गया है।

परिजनों का आरोप है कि अमन की पत्नी (न्यायिक अधिकारी) और उनकी साली (जो जम्मू में तैनात एक IAS अधिकारी हैं) उन्हें पिछले दो महीनों से मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही थीं।

आरोप लगाया गया है कि साली का उनके घर में अत्यधिक हस्तक्षेप था, जिससे अमन तनाव में थे।

दिल्ली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और सीआरपीसी की धारा 174 के तहत जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, लेकिन परिवार द्वारा लगाए गए प्रताड़ना के आरोपों और वैवाहिक कलह के कोण से मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *