P Sharma
_रामनगर की बबीता पांडे 29 मई से गायब, पुलिस-SDRF-वन विभाग की टीमें ड्रोन और डॉग स्क्वायड से कर रही तलाश_
*ब्यूरो,रिपोर्ट*
_उत्तरकाशी, 2 जून 2026।_ दयारा बुग्याल ट्रेक पर गई नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र की 24 वर्षीय युवती चार दिन से लापता है। पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की संयुक्त टीमें ड्रोन और डॉग स्क्वायड की मदद से सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अब तक युवती का कोई सुराग नहीं लगा है।
लापता युवती की पहचान चिल्किया गांव, रामनगर निवासी बबीता पांडे के रूप में हुई है। बबीता एमबीए की छात्रा है और घर से ऑनलाइन काम करती थी। परिजनों के अनुसार बबीता 25 मई को अपने दो मित्र हरमनपाल और हरमनप्रीत के साथ उत्तरकाशी घूमने निकली थी।
पुलिस के अनुसार तीनों पहले गंगोत्री क्षेत्र गए, इसके बाद दयारा बुग्याल ट्रेक पर चले गए। 29 मई की रात से बबीता का कोई पता नहीं चल पा रहा है। दोनों दोस्तों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
बेटी की खोज में परिजन भी जगह-जगह भटक रहे हैं। समय बीतने के साथ परिजनों को अनहोनी की आशंका सता रही है। उत्तरकाशी पुलिस ने बताया कि ऊंचाई वाले इलाके और खराब मौसम से सर्च ऑपरेशन में दिक्कत आ रही है। टीमें लगातार बुग्याल क्षेत्र में तलाशी कर रही हैं।

