P Sharma
भक्ति में डूबीं महिलाएं, बंदरों की उछल-कूद से टूटी डाली ने ली 2 जानें
बदायूं में गुरु पूर्णिमा पर दर्दनाक हादसा: पीपल की टहनी गिरी, 2 की मौत, 3 घायल
*बदायूं।* गुरु पूर्णिमा पर आस्था का पर्व देखते ही देखते बदायूं के कुंवरगांव थाना क्षेत्र के गांव ललेई में दर्दनाक हादसे में बदल गया। मंदिर के पास पीपल के पेड़ के नीचे हो रहे सामूहिक हवन में बैठी महिलाओं पर पेड़ की पुरानी टहनी टूटकर गिर गई। हादसे में 2 महिलाओं की मौके पर मौत हो गई, जबकि 3 महिलाएं घायल हो गईं।
बुधवार शाम गांव में पीपल के पेड़ के नीचे हवन-पूजन चल रहा था। महिलाएं हवन कुंड के चारों ओर बैठकर आहुति दे रही थीं और श्रद्धालु देवी गीतों में मग्न थे। इसी दौरान पेड़ पर कई बंदर उछल-कूद करने लगे। पुलिस की प्रारंभिक जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बंदरों के कारण पीपल की जर्जर और पुरानी टहनी तेज आवाज के साथ टूटकर सीधे हवन कर रही महिलाओं पर आ गिरी।
हादसा इतना अचानक हुआ कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। भारी टहनी के नीचे कई महिलाएं दब गईं। पूजा स्थल पर भगदड़ मच गई और हर ओर चीख-पुकार सुनाई देने लगी। ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और टहनी हटाकर घायलों को बाहर निकाला। कुछ ही मिनट पहले तक जहां मंत्रोच्चार और जयकारों से देवस्थान गूंज रहा था, वहां मातम छा गया।
घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस दर्दनाक हादसे के कारण गांव में गुरु पूर्णिमा का अनुष्ठान बीच में ही बाधित हो गया।

