P Sharma
*गोंडा।* सावन महोत्सव के अवसर पर रविवार को रानी बाजार स्थित श्री राम जानकी मारवाड़ी धर्मशाला परिसर में राम जानकी महिला मंडल द्वारा भव्य सावन मेले का आयोजन किया गया। मेले में शहर सहित आसपास के जिलों से आई महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।

मेले का शुभारंभ महिला मंडल की सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा भगवान श्री गणेश की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर अनिल मित्तल, संजय अग्रवाल सहित महिला मंडल की पदाधिकारी उपस्थित रहीं।

मेले में बनारस, गोरखपुर, लखनऊ, कानपुर, देवरिया तथा गोंडा से आए व्यापारियों ने खान-पान, लाख की चूड़ियां, ज्वेलरी, बेडशीट, सूट-साड़ियां, लड्डू गोपाल के वस्त्र, राखियां एवं घरेलू उपयोग की वस्तुओं के आकर्षक स्टॉल लगाए। हरे पत्तों और रंग-बिरंगे कपड़ों से सजे परिसर में खरीदारी के साथ-साथ मनोरंजन का भी पूरा ध्यान रखा गया। बच्चों के लिए झूले, सेल्फी प्वाइंट और गेम प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। वहीं महिलाओं के लिए हाउजी गेम ने माहौल को और रंगीन बना दिया।

आयोजन को सफल बनाने में मेला संयोजक सीमा अग्रवाल, मेला प्रभारी कविता काबरा तथा महिला मंडल की टीम का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में महिलाओं, बच्चों एवं श्रद्धालुओं ने मेले का आनंद लिया।

