40 लाख के बीमा के लिए पत्नी की हत्या, कार से टक्कर मारकर दो बार कुचला, लव मैरिज के 2 साल बाद रची साजिश

P Sharma 

*हमीरपुर।* लव मैरिज के दो साल बाद पति ने 40 लाख के बीमा के लालच में पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पहले कार से टक्कर मारी, फिर सड़क पर लिटाकर दो बार कुचल दिया। वारदात को हादसा दिखाने की साजिश थी, लेकिन पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया।

मामला ललपुरा थाना क्षेत्र का है। 29 जुलाई की शाम पौथिया गांव के पास सड़क किनारे महिला का शव मिला था। शव की पहचान कानपुर की रीता के रूप में हुई। रीता के पिता सर्वेश गुप्ता ने दामाद अमर सिंह पर हत्या का शक जताया। पुलिस ने जांच शुरू की तो खून जमा देने वाला सच सामने आया।

*लव मैरिज से लेकर हत्या तक की कहानी*
मौदहा कोतवाली के बम्हरौली गांव का अमर सिंह कानपुर की आटा मिल में काम करता था। वहीं उसकी मुलाकात रीता से हुई। रीता की पहले से शादी हो चुकी थी और 4 बच्चे थे। पति की मौत के बाद वह कानपुर में रह रही थी। करीब 2 साल पहले दोनों ने लव मैरिज कर ली।

पुलिस के मुताबिक अमर सिंह पत्नी से छुटकारा चाहता था। दोस्तों अमित गुप्ता, पुष्पेंद्र सोनी और अभय सिंह के साथ मिलकर उसने साजिश रची। करीब 2 महीने पहले उसने रीता के नाम 40 लाख का एक्सिस मैक्स लाइफ इंश्योरेंस कराया और 2.60 लाख की पहली किश्त जमा की।

*टक्कर मारकर दो बार कुचला*
29 जुलाई को अमर सिंह रीता को पौथिया नहर के रास्ते बहाने से ले गया। वहां पहले से कार लेकर साथी खड़े थे। कार से रीता को टक्कर मारी गई। वह गड्ढे में गिर गई। फिर चारों ने उसे उठाकर सड़क पर लिटाया और दो बार कार चढ़ा दी। मौके पर ही मौत हो गई।

शनिवार को पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कार भी बरामद हो गई है। एएसपी अरविंद कुमार ने बताया कि बीमा की रकम हड़पने के लिए हत्या की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *