P Sharma
*नवंबर में होनी थी शादी, पिछले हफ्ते ही मिले थे दोनों परिवार; 3डी स्टूडियो में काम के दौरान हुआ था प्यार*
लखनऊ, 24 जून 2026
अलीगंज की एक बिल्डिंग में लगी भीषण आग ने एक प्रेमी जोड़े की जिंदगी छीन ली। 3डी आर्टिस्ट नीलेश कुमार और अनामिका सामंत इसी साल नवंबर में शादी के बंधन में बंधने वाले थे। लेकिन जिस बिल्डिंग में दोनों को प्यार हुआ, उसी में दोनों ने एक साथ दम तोड़ दिया।
*पिछले हफ्ते ही हुई थी सगाई की बात:*
दरअसल, पिछले सप्ताह ही अनामिका के माता-पिता कोलकाता से लखनऊ आए थे। उन्होंने नीलेश के परिजनों से मुलाकात कर शादी के लिए आशीर्वाद दिया था। दोनों परिवार नवंबर में शादी की तैयारी में जुटे थे। अगले सप्ताह नीलेश का परिवार कोलकाता जाने वाला था।
*स्टूडियो में हुई थी मुलाकात:*
28 साल के नीलेश और 27 साल की अनामिका की मुलाकात ‘हेड हॉपर स्टूडियोज’ में हुई थी। ये कंपनी 3डी आर्ट प्रोडक्शन और गेम डेवलपमेंट का काम करती है। इसका स्टूडियो आग लगने वाली बिल्डिंग की दूसरी मंजिल पर था। नीलेश तीन साल से और अनामिका भी लगभग इतने ही समय से यहां काम कर रही थी। काम के दौरान दोस्ती प्यार में बदल गई।
*कंपनी को थी रिश्ते की जानकारी:*
नीलेश के भाई अभिषेक कुमार ने बताया कि कुछ समय पहले कंपनी को उनके रिश्ते के बारे में पता चला था। इसके बाद कंपनी ने ही अनामिका के माता-पिता से संपर्क कर उन्हें लखनऊ बुलाया था। कोलकाता से अनामिका के माता-पिता और भाई समेत चार लोग आए थे। दोनों परिवार शादी के लिए राजी हो गए थे।
*मुर्दाघर से फोन पर मिली खबर:*
नीलेश के पिता शत्रुघ्न लाल बिजली विभाग के रिटायर्ड कर्मचारी हैं। परिवार ने बताया कि सोमवार शाम मुर्दाघर से फोन आने पर हादसे का पता चला। न्यूज में कोचिंग सेंटर और लाइब्रेरी वाली बिल्डिंग में आग की खबर थी, लेकिन 3डी स्टूडियो का जिक्र नहीं था। इसलिए परिवार को अंदेशा नहीं हुआ। अभिषेक ने कहा कि नीलेश की लाश की आसानी से पहचान हो गई। दम घुटने से मौत हुई लगती है।
*सदमे में दोनों परिवार:*
इस हादसे से लखनऊ से कोलकाता तक दोनों परिवार सदमे में हैं। अनामिका घर में बड़ी बेटी थी। पिता विश्वनाथ सामंत प्राइवेट कंपनी में काम करते हैं और मां सुलेखा गृहिणी हैं। तीन साल से लखनऊ में रहकर अनामिका 3डी आर्टिस्ट के तौर पर करियर बना रही थी। छोटे भाई आकाश ने बताया कि बहन के रिश्ते के बारे में पता था और परिवार लखनऊ जाकर नीलेश से मिला भी था।

