महाराष्ट्र ।जलगांव में एक ट्रक अचानक से रेलवे फाटक तोड़ते हुए रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रेन ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी।इस हादसे में ट्रक के परखच्चे उड़ गए।जिले के बोदवल रेलवे स्टेशन के पास शुक्रवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। एक अनधिकृत रेलवे क्रॉसिंग से गुजरते समय गेहूं से भरा ट्रक रेलवे फाटक तोड़ते हुए पटरियों पर पहुंच गया। इसी बीच तेज रफ्तार से आ रही अंबा एक्सप्रेस (मुंबई-अमरावती) ने ट्रक को टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में ट्रक के दो टुकड़े हो गए और उसका आगे का हिस्सा रेलवे इंजन से चिपक गया।हालांकि,इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन रेलवे को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा।इस हादसे के बाद मध्य रेलवे के मुंबई-कोलकाता मार्ग पर ओवरहेड इलेक्ट्रिक वायर क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे इस रूट पर रेल यातायात बाधित हो गया। रेलवे प्रशासन के अनुसार,घटना सुबह 4:30 बजे हुई थी। फिलहाल इस रूट पर मरम्मत का काम तेजी से किया जा रहा है।


