बहराइच ।जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के बिछिया-गिरिजापुरी मार्ग पर बृहस्पतिवार की शाम बाइक से जा रहे गिरिजापुरी चौकी प्रभारी राजकुमार यादव एवं दीवान शिवकुमार यादव पर तेंदुए ने झपट्टा मारा। इस दौरान दोनों ने बाइक की गति बढ़ाकर अपनी जान बचाई। वहीं दूसरी घटना शनिवार को सुजौली रेंज के एक गांव में हुई। जब किसान अपने खेत में फसल देखने गया था। तेंदुए ने किसान पर हमला कर दिया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर वह जंगल की तरफ भाग गया। जिले के कतर्नियाघाट वन्य जीव प्रभाग के सुजौली रेंज चफरिया गांव के मोहकम पुरवा के रहने वाले रमेश अपने खेत में सब्जी और फसलें देखने गया था। तभी अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पास के ग्रामीण शोर मचाने लगे। तेंदुए को भगाने की कोशिश की, जिससे तेंदुआ डरकर गन्ने के खेत में छिप गया। हमले में रमेश को कमर में चोट आई है। जिसे स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। घटना की खबर मिलते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया।घटना के बाद लोगो में दहशत है।

