Pramod Sharma
लखनऊ:लखनऊ के लोक बंधु अस्पताल में आग लग गई है,आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां पहुंची। डॉक्टरों ने बताया कि हर कोशिश की जा रही है कि भर्ती बच्चों को कोई नुकसान न पहुंचे। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक भी लोकबंधु अस्पताल पहुंच गए हैं।आग की वजह से पूरे अस्पताल में धुआं ही धुआं भरा हुआ है। अस्पताल की बिजली काट दी गई है। इससे अंधेरा हो गया। आग लगने पर बदहवास मरीज और उनके घरवाले बाहर की तरफ भागने लगे। कुछ तीमारदार अपने मरीजों को स्ट्रेचर पर ले जा रहे हैं। लोकबंधु अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ अजय शंकर त्रिपाठी का कहना है कि आग रात करीब 10 बजे लगी। अभी तक की छानबीन में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थिति नियंत्रण में है।
आग से बचकर बाहर निकले मरीजों ने बताया कि हम लोग लेटे थे। अचानक धुआं दिखने लगा। फिर आग की लपटें दिखने लगीं। इसके बाद हम लोग तेजी से बाहर की तरफ भागे।लोकबंधु अस्पताल में लगी आग की घटना का मुख्यमंत्री योगी ने संज्ञान लिया। उन्होंने फोन पर अधिकारियों से घटना की पूरी जानकारी ली। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। DCP साउथ निपुण अग्रवाल और पुलिस कमिश्नर अमरेंद्र सिंह सिंगर भी मौके पर मौजूद हैं।गंभीर रोगियों को दूसरे सेंटर ले जाया जा रहा है। फायर ब्रिगेड की टीम कांच तोड़कर अंदर घुसी। फिलहाल घटना की जांच के आदेश दिए गए हैं।कर्मचारी और तीमारदार जान की परवाह किए बगैर मरीजों को बचाने में जुट गए। मुंह पर कपड़ा बांधकर कर्मचारी वार्ड में घुसे। धुएं की वजह से वार्ड में कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था।

