शाहजहांपुर :दावत में जाने से नाराज व्यक्ति ने अपनी बहू की निर्मम हत्या कर दी। उस पर कुल्हाड़ी से छह वार किए। उसने बचने के लिए संघर्ष किया, लेकिन चीख नहीं सकी। वारदात के बाद आरोपी ससुर ने फंदे से लटककर जान दे दी। महिला का पति ट्रक चालक है। वह बाहर गया था। घर वापस आया तो पत्नी का शव देख रो पड़ा।
शाहजहांपुर के कांट थाना क्षेत्र गांव हटीपुर कुर्रिया में मंगलवार की रात बहू के दावत में जाने से नाराज ससुर ने पीटने के बाद कुल्हाड़ी से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद गांव के बाहर आम के पेड़ पर फंदे से लटककर जान दे दी। सुबह मासूम बेटी ने घर के कोने में मां का शव पड़ा देखा तो शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
गांव हटीपुर कुर्रिया के रहने वाले ट्रक चालक सर्वेश ने मध्यप्रदेश के सतना निवासी सुमित्रा से प्रेम विवाह किया था। कुछ दिन पहले वह ट्रक लेकर बाहर गए थे। घर में पत्नी सुमित्रा (30 वर्ष), बीमार मां, पिता राजपाल के अलावा उनकी सात साल की बेटी रागिनी थी। मंगलवार रात सुमित्रा गांव में आयोजित दावत में गई थी।

इससे नाराज ससुर राजपाल ने आधी रात के बाद कुल्हाड़ी से हमला कर सुमित्रा को मार डाला। इसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। उसका शव गांव के बाहर पेड़ पर रस्सी के फंदे से लटका मिला। सूचना पर लौटे सर्वेश पत्नी का शव देख बदहवास हो गए। राजपाल ने शराब पीने के बाद वारदात को अंजाम दिया। शव के पास ही शराब का पौव्वा भी बरामद हुआ है।यह भी संभव है कि हत्या की वारदात के बाद भी उसने शराब पी होगी।

