कानपुर:62 की उम्र में 45 साल की महिला से की शादी,तीसरे दिन नगदी और जेवर लेकर महिला फरार

Pramod Sharma 
 कानपुर । एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। कानपुर में 62 वर्षीय रिटायर्ड सीओडी कर्मी ने आर्य समाज मंदिर में 45 साल की महिला से शादी की थी। दो दिन साथ रहने के बाद लुटेरी दुल्हन लगभग तीन लाख के कीमती जेवरात और दो लाख रूपए नकद लेकर फरार हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब महिला का पता नहीं चला तो चकेरी थाने में तहरीर दी है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सीतापुर के अटरिया गांव निवासी हरीश कुमार शुक्ला सीओडी (केंद्रीय आयुध डिपो) से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि उनके परिवार में कोई भी सदस्य नहीं होने के कारण एकांत जीवन जी रहे थे। वह सीओडी में नौकरी के समय से ही सनिगवां में किराये के मकान में रह रहे थे। इस दौरान उनकी मुलाकात पड़ोस में रहने वाली 45 वर्षीय महिला पूजा जोशी से हुई। महिला ने हरीश शुक्ला से नजदीकियां बढ़ा ली

महिला ने शादी का झांसा देते हुए रिटायर्ड सीओडी कर्मी से देखभाल और सेवा करने की इच्छा जताई। इसके बाद उसने हरीश शुक्ला के सामने शादी का प्रस्ताव रख दिया। हरीश उसके झांसे में आकर भरोसा कर लिया। इसके बाद दोनों ने बीते 11 फरवरी को आर्य समाज मंदिर में शादी कर ली। इसके बाद दोनों एक साथ किराय के मकान में रहने लगे।

हरीश शुक्ला का आरोप है कि महिला ने जेवरात और नकदी की मांग की। इस पर उन्होंने अपनी मां के पुराने जेवर लेकर दे दिए। महिला ने उन जेवरों को बेचकर नए जेवर खरीद लिए। इसके बाद उन्होंने पत्नी को रिटायर होने पर मिली रकम में से दो लाख रूपए दे दिए। दो दिन उनके साथ रुकने के बाद महिला देर रात घर से भाग निकली।

हरीश शुक्ला लगातार महिला की तलाश करते रहे, लेकिन उसका कहीं कुछ पता नहीं चल सका। इस दौरान वह अपने सीतापुर स्थित गांव में रहने लगे। बदनामी के डर से उन्होंने यह बात किसी को नहीं बताई। इसके बाद उन्होंने हिम्मत जुटाकर शुक्रवार को कानपुर के चकेरी थाने में शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी संतोष शुक्ला ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज महिला की खोजबीन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *