लखनऊ:यूपी में होमगार्डों की होगी बंपर भर्ती ,जानिए पूरी भर्ती प्रक्रिया,लगभग 46000 होमगार्ड होंगे भर्ती

P Sharma
उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का एक सुअवसर आने वाला है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में खाली पड़े लगभग 46 हजार से ज्यादा होमगार्ड पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तुरंत शुरू करने का निर्देश उच्च अधिकारियों को दिया है। यह भर्ती पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष की जाएगी।इससे युवाओं में अच्छा खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता के लिए सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब पुलिस भर्ती एवं प्रशिक्षण बोर्ड के सहयोग से एक नया बोर्ड बनाया जाएगा, जो इस पूरी भर्ती प्रक्रिया की निगरानी करेगा। इसका लक्ष्य एक तय समय-सीमा के भीतर योग्य उम्मीदवारों का चयन करना है।
सूत्रों के अनुसार,यह अब तक की सबसे बड़ी होमगार्ड भर्ती में से एक हो सकती है। एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री को बताया गया कि होमगार्ड विभाग में भारी संख्या में पद खाली हैं। प्रदेश में कुल 1,18,348 स्वीकृत पदों में से वर्तमान में केवल 71,155 होमगार्ड ही सक्रिय हैं। इस तरह करीब 47,193 पद लंबे समय से खाली पड़े हैं, जिन्हें भरने का रास्ता अब साफ हो गया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया में बड़े बदलाव के निर्देश दिए हैं जिससे यह पूरी तरह से पारदर्शी और निष्पक्ष हो सके। इन बदलावों के तहत अब होमगार्डों के चयन के लिए लिखित परीक्षा कराने को कहा गया है। इस भर्ती के लिए  अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष तय की जाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए हैं कि पात्रता मानदंडों को समय के अनुसार आधुनिक बनाया जाए और पूरी  प्रणाली को और अधिक मजबूत किया जाए, जिससे कि प्रदेश को सबसे योग्य और कुशल होमगार्ड मिल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *