Pramod Sharma
कानपुर।काकादेव थानाक्षेत्र में एक मकान में पेइंग गेस्ट (पीजी) के तौर पर रहकर नीट की तैयारी कर रही छात्रा ने सोमवार रात फंदे से लटककर जान दे दी। पीजी मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस और जांच पड़ताल किया। इसके बाद परिजनों को घटना की जानकारी देकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने परीक्षा के दबाव के कारण आत्महत्या की आशंका जताई है।
गोंडा जिला के मनकापुर बाजार की रहने वाली करीना मिश्रा (20) गीतानगर ओ-ब्लॉक में श्याम नारायण अवस्थी के पीजी में कमरा लेकर किराए पर रह रही थी। परिवार में मां कमलेश, बड़ा भाई विकास मिश्रा और बहन करिश्मा है। विकास और करिश्मा मुंबई में रहकर प्राइवेट जॉब करते हैं। वहीं, पिता शिवकुमार मिश्रा का काफी समय पहले देहांत हो चुका है। चचेरे भाई राकेश मिश्रा ने बताया कि वर्ष 2024 में करीना ने इंटर की परीक्षा पास की थी।
इसके बाद अगस्त में उसने काकादेव स्थित कोचिंग से नीट की तैयारी शुरू की। तीन दिन पहले मां कमलेश करीना के पास एक दिन रहकर गांव वापस गईं थी। चार मई को नीट का पहला पेपर था। पुलिस ने सोमवार रात करीब दो बजे करीना के फंदे से लटककर जान देने की जानकारी दी। इसके बाद वह लोग तुरंत कानपुर के लिए चल दिए। इंस्पेक्टर काकादेव मनोज सिंह भदौरिया ने बताया कि मौके से कोई भी सुसाइड नोट नहीं मिला है। हालांकि छात्रा के नीट के पेपर शुरू होने वाले थे। ऐसे में संभव है कि पढ़ाई के दबाव की वजह से आत्महत्या की। चूंकि परिजनों ने किसी प्रकार का कोई आरोप नहीं लगाया है। ऐसे में जांच के बाद ही कारण स्पष्ट हो सकेगा। पोस्टमॉर्टम में हैंगिंग की पुष्टि होने के बाद परिजन शव लेकर गोंडा रवाना हो गए।

