मथुरा:12 वीं में कम मार्क्स आने पर छात्रा ने खाया जहर,हुई मौत,मां ने रिक्शा चलाकर पढ़ाया

Pramod Sharma 

मथुरा:अरहेरा,जैंत गांव निवासी बलवीर की बेटी आरती (18) ने गुरुवार दोपहर को विषाक्त पदार्थ का सेवन कर लिया था। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी मौत हो गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना कर शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया। पुलिस ने बताया कि बिसरा सुरक्षित करा दिया गया है। इसे जांच को फोरेंसिक लैब भिजवाया जायेगा। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पोस्टमार्टम गृह पर मृतका के भाई ने बताया कि चार भाईयों में आरती इकलौती बहन थी। पिता की करीब चार वर्ष पूर्व मौत हो चुकी है। वह पढ़ने में ठीक थी। पिछले साल फेल हो गयी थी। इस बार उसने बहुत मेहनत की और पास हो गयी थी। बताया कि उसकी अपेक्षा से कम अंक आने से वह परेशान थी। इसी बात को लेकर उसने विषाक्त सेवन कर लिया।

पुलिस के अनुसार पति की मौत के बाद बच्चों की मां गीता ने मेहनत कर पालन पोषण करने की जिम्मेदारी उठाई। वह ई-रिक्शा चला कर परिवार पाल रही है और अपनी इकलौती बेटी को पढ़ा रही थी, ताकि वह कुछ बन सके। बेटी भी मेहनत से पढ़ रही थी लेकिन कम अंक आने पर उसने यह कदम उठा लिया। बताते हैं कि मृतका का भाई बैंगलुरू में पत्थर कटाई का काम कर मां का सहयोग कर रहा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *