Pramod Sharma
गोंडा ।बेसिक शिक्षा विभाग में फर्जी दस्तावेजों से नौकरी पाने का एक और मामला सामने आया है। 12 सितंबर 2018 से सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत सहायक अध्यापिक पिंकी वर्मा को सत्यापन के दौरान फर्जीवाड़ा मिलने पर बर्खास्त कर दिया गया ।
रमाबाई नगर जिले के छतरसा गांव की रहने वाली पिंकी वर्मा ने 2013 का टीईटी सर्टिफिकेट नौकरी में लगाया था। इसमें 150 में से 95 अंक दर्शाए गए थे, जांच में यह प्रमाणपत्र फर्जी पाया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कई बार स्पष्टीकरण मांगा लेकिन पिंकी ने कोई जवाब नहीं दिया।
इसके बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अतुल कुमार तिवारी द्वारा इन्हें बर्खास्त कर दिया गया है। बीएसए के आदेश पर खंड शिक्षा अधिकारी झंझरी समय प्रकाश त्रिपाठी ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई है। पिंकी के खिलाफ धोखाधड़ी और दस्तावेज में हेरफेर के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है।
उपनिरीक्षक धीरेंद्र सिंह मामले की जांच कर रहे हैं। बीएसए अतुल कुमार तिवारी ने बताया कि पिंकी 2021 से स्कूल नहीं आ रही थी। जांच में फर्जी अंकपत्र से नियुक्ति का मामला सामने आया। अब 2018 से अब तक मिले वेतन की वसूली की जाएगी साथ ही अन्य विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।

