P Sharma
गोंडा में छात्रवृत्ति वितरण को लेकर 30 अगस्त को होगी अहम बैठक
छात्रवृत्ति खातों में आधार सीडिंग व NPCI मैपिंग पर जोर
डीएम की अध्यक्षता में लीड बैंक व शिक्षा संस्थानों के प्रधानाचार्य होंगे शामिल
गोंडा। वित्तीय वर्ष/शैक्षिक सत्र 2025-26 में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) तथा दशमोत्तर (कक्षा 11-12) छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति धनराशि 31 दिसम्बर तक भुगतान किए जाने के साथ ही प्रथम चरण में 2 अक्टूबर 2025 को भी भुगतान करने के निर्देश शासन से प्राप्त हुए हैं। पात्र छात्र-छात्राओं के ऑनलाइन आवेदन समय पर कराए जाने एवं मास्टर डेटा की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक एवं शिक्षा संस्थानों को विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।
इस संबंध में छात्रवृत्ति बैंक खाते में आधार नंबर सीडिंग, NPCI से मैपिंग तथा शासन द्वारा निर्धारित सभी दिशा-निर्देशों के पालन को लेकर जिला प्रशासन गंभीर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 30 अगस्त 2025 को अपराह्न 2:30 बजे राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, गोंडा में बैठक आयोजित की जाएगी। बैठक में लीड बैंक अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, छात्रवृत्ति अधिकारी व जिले के सभी शिक्षा संस्थानों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहेंगे।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी गौरव स्वर्णकार ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रधानाचार्यों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि पर अनिवार्य रूप से बैठक में शामिल होकर छात्रवृत्ति वितरण संबंधी प्रक्रिया को सुचारु बनाने में सहयोग प्रदान करें।

