P Sharma
गांधी जयंती के अवसर पर जनपद में होंगे विविध कार्यक्रम, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को किया जाएगा सम्मानित-डीएम
गांधी जयंती के अवसर पर जनपद में प्रभात फेरी सहित विभिन्न कार्यक्रमों को किया जाएगा आयोजित
गोंडा।आगामी 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किए जाने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने की। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन, सभी विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी तथा विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि गांधी जयंती पर जनपद के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाए, जिससे नई पीढ़ी को देश की आज़ादी के संघर्ष के बारे में जानकारी मिले और उनमें देशभक्ति की भावना जागृत हो। उन्होंने कहा कि यह दिवस केवल महात्मा गांधी को स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके विचारों और मूल्यों को आत्मसात करने का दिन भी है।
जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि जनपद के सभी नगर निकायों, ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, एवं सरकारी कार्यालयों में प्रभात फेरी, स्वच्छता अभियान, भजन संध्या, गांधी जी के जीवन पर आधारित भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं, चित्रकला प्रतियोगिताएं आदि का आयोजन किया जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि सभी कार्यक्रमों को समयबद्ध, सुसंगठित एवं गरिमामय ढंग से आयोजित किया जाए।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जनपद स्तर पर मुख्य कार्यक्रम का आयोजन गांधी प्रतिमा स्थल पर किया जाएगा, जहां माल्यार्पण के साथ राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके अतिरिक्त, सभी सरकारी एवं अशासकीय कार्यालयों, विद्यालयों एवं अन्य संस्थानों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियों को विशेष रूप से प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि ‘स्वच्छ भारत मिशन’ के तहत गांधी जी के स्वच्छता के विचारों को जन-जन तक पहुँचाया जा सके।
मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती अंकिता जैन ने अधिकारियों से कहा कि विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गांधी जयंती के सभी कार्यक्रम प्रभावी रूप से संपन्न कराए जाएं। उन्होंने विभिन्न विभागों को सौंपे गए दायित्वों की समीक्षा करते हुए उनके समुचित क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की और आश्वस्त किया कि समस्त आयोजन समयबद्ध एवं भव्य रूप से सम्पन्न कराए जाएंगे।

