गोंडा:कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को दिलाई शपथ

P Sharma 

कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी ने ध्वजारोहण कर सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को दिलाई शपथ

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती पर भव्य श्रृंखला का आयोजन

गांधी जयंती के उपलक्ष्य में “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” विषय पर एक जागरूकता रैली का किया गया आयोजन

गांधी जयंती के शुभ अवसर पर जनपद में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी तथा उनके परिवारों को अंग वस्त्र व स्मृति चिन्ह देकर किया गया सम्मानित

गोण्डा।गांधी जयंती एवं शास्त्री जयंती के शुभ अवसर पर जनपद में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई। इस अवसर पर उन्होंने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के विचारों और आदर्शों को आत्मसात करने का आह्वान किया।

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित गोष्ठी में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन के साथ अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, मुख्य राजस्व अधिकारी महेश प्रकाश एवं नगर मजिस्ट्रेट पंकज वर्मा द्वारा अपने-अपने विचार व्यक्त किए गए। अधिकारियों ने कहा कि बापू के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक हैं और युवाओं को उनके आदर्शों पर चलकर देश सेवा में अग्रसर होना चाहिए।

इस अवसर पर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं द्वारा देशभक्ति गीतों की सुंदर प्रस्तुति दी गई, जिससे सभागार देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत हो गया। कार्यक्रम के उपरांत कलेक्ट्रेट परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

इसके साथ ही गांधी पार्क में जिलाधिकारी द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। इसके साथ ही स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं उनके परिवारजनों को अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि इन वीर सेनानियों के संघर्ष और बलिदान के कारण ही हमें आजादी मिली है और हमें उनके योगदान को सदैव स्मरण रखना चाहिए।

गांधी जयंती के उपलक्ष्य में “हमारा संविधान – हमारा स्वाभिमान” विषय पर एक जागरूकता रैली का भी आयोजन किया गया। जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को गांधी पार्क से रवाना किया गया। रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, एनएसएस, एनसीसी कैडेट्स एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर शहरभर में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया तथा गांधी जी के “स्वच्छता ही सेवा है” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया गया।  

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोंडा की छात्राओं द्वारा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी तथा पूर्व प्रधानमंत्री श्री लाल बहादुर शास्त्री जी के जयंती के अवसर पर उनके विचारों एवं उनके आदर्शों के आधार पर छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया गया। वहीं कार्यक्रम के उपरांत जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने सभागार में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारी तथा अन्य लोगों को इन दोनों महान पुरुषों के संबंध में तथा उनके आदर्शों व विचारों पर प्रकाश डालते हुए विस्तृत जानकारी दी तथा छात्राओं एवं अध्यापिकाओं को उपहार भेंट किया।

जनपद में इस अवसर पर आयोजित सभी कार्यक्रमों ने राष्ट्रभक्ति, सेवा, सत्य, अहिंसा एवं स्वाभिमान के मूल्यों को जनमानस में पुनर्स्थापित किया।

महात्मा गांधी जयंती पर तहसील कर्नलगंज अंतर्गत ग्राम पतिसा में स्वतंत्रता वर्ष- 1942 के संग्राम सेनानी श्री रामअचल द्विवेदी आचार्य उम्र 100 वर्ष को उनके आवास पर जाकर अंग वस्त्र व भगवत गीता देकर उपजिलाधिकारी करनैलगंज सुश्री नेहा मिश्रा ने सम्मानित किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *