P Sharma
सीतापुर । एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है,जिसमें एक पति ने अपनी पत्नी पर विचित्र आरोप लगाए हैं, पति ने डीएम की अध्यक्षता वाले संपूर्ण समाधान दिवस में एक प्रार्थना पत्र देकर अपनी जान की गुहार भी लगाई है,प्रार्थना पत्र देने वाले शख्स मेराज ने अपनी जान माल की गुहार लगाते हुए कहा कि साहब मुझे मेरी पत्नी से बचा लो, मेरी पत्नी रात में नागिन बनकर हमें डराती है और डसती है।
मेराज के द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र का संज्ञान लेते हुए प्रभारी अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस ने जांच का आदेश दिया,वहीं पति द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के बाद अब यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है,वहीं पीड़ित मेराज काफी डरा और सहमा हुआ है, बताते चले मेराज की पत्नी वर्तमान समय में अपने मायके में रह रही है।लेकिन पति में खौफ बहुत है।
लोधासा निवासी मेराज की शादी थानगांव थाना क्षेत्र के राजपुर की रहने वाली नसीमुन के साथ हुआ था।कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक ठाक रहा। शादी के कुछ महीनों बाद मेराज दहशत में रहना शुरू हो गया, जिसमें वह अपनी पत्नी से बहुत अधिक डरने लगा, पत्नी से परेशान मेराज ने शनिवार को महमूदाबाद तहसील में डीएम की अध्यक्षता वाले संपूर्ण समाधान दिवस में एक प्रार्थना पत्र दिया और अधिकारियों से फरियाद किया कि उसे उसकी पत्नी से उसे बचाया जाए क्योंकि रात में वह नागिन बन जाती है।
मेराज द्वारा दिए गए प्रार्थना में कहा गया कि उसकी पत्नी रात में नागिन बनकर डराती है और उसे डसती है। मेराज द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में यह भी कहा गया है कि उसकी पत्नी मानसिक रूप से परेशान है जो कि अक्सर रात में उसे डराती है।जिसकी वजह से वह सो नहीं पा रहा है। उसने यह भी कहा कि जब वह रात में जग जाता है तो उसकी पत्नी उसे डस नहीं पाती है, जिससे उसकी जान बच जाती है।
मेराज द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र की जांच की जा रही है। बताते चले कि मेराज अपनी पत्नी की झाड़ फूंक भी करवा चुका है। इतना ही नहीं इस मामले को लेकर महमूदाबाद कोतवाली में पंचायत भी हो चुकी है। लेकिन इसका हल नहीं निकल पाया।परन्तु सभी हैरान जरूर है।

