कानपुर:मां ने बेटे की कराया 40 लाख की चार बीमा पॉलिसी,फिर प्रेमी संग किया कत्ल,पढ़े पूरी कहानी

P Sharma 

 कानपुर देहात से एक ऐसी हैरान करने वाली और मानवता का तार तार करने वाली खबर है,जो आपके रोंगटे खड़े कर देगी। मां जिसका वास्तव में नाम भी है ममता,  अपने पति की मौत के बाद गैर पुरुष से प्रेम संबंध के चक्कर में पड़ गई, और रिश्तों को शर्मसार करते हुए अपने इकलौते बेटे की हत्या करवा दी क्योंकि बेटा मां और उसके प्रेमी के बीच रोड़ा बन रहा था। पुलिस ने मृतक की मां और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। 

 मामला इतना ही नहीं है, ममता ने बेटे की हत्या के पहले 40 लाख रुपए की चार बीमा पॉलिसी भी कराई थी जिससे बाद में मोटी रकम मिले और आगे की जिंदगी वो चैन से जिए लेकिन पुलिस उससे ज्यादा तेज निकली और दोनों के मंसूबों पर पानी फेरते हुए बेटे की हत्या का भंडाफोड़ कर दिया। 

ममता के पति संदीप कुमार की मौत के बाद अंगदपुर गांव के ही मयंक कटियार से ममता की नजदीकियां बढ़ने लगी और दोनों में प्रेम संबंध हो गए। ममता का बेटा प्रदीप आंध्र प्रदेश में रहकर नौकरी करता था और दीपावली पर गांव आया था। गांव आने पर प्रदीप को गांववालो से मां और मयंक के प्रेम संबंधों का पता चला तो उसने विरोध किया। ममता और मयंक को प्रदीप का विरोध नागवार गुजरा तो उसे रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। पहले तो प्रदीप के नाम 40 लाख की बीमा पॉलिसी ली गई की हत्या के बाद बड़ी रकम मिलेगी। हत्या को दुर्घटना का रूप देने के लिए बाजार से हथौड़ी भी खरीद ली थी। 

इसके बाद मयंक ने छोटे भाई ऋषि कटियार से 26 अक्टूबर को प्रदीप को होटल में खाना खिलाने के बहाने लाने को कहा फिर रास्ते में प्रदीप के सिर में हथौड़ी से कई वार करके प्रदीप की हत्या कर दी और शव को कानपुर इटावा हाइवे पर डेरापुर थाना क्षेत्र में फेंक दिया। 27 अक्टूबर की सुबह प्रदीप का शव खून से लथपथ मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची तो प्रथमदृष्टया लगा की किसी वाहन की टक्कर से उसकी मौत हो गई।

प्रदीप का शव मिलने के बाद जहां पुलिस पहले दुर्घटना बता रही थी। वहीं मृतक के बाबा जगदीश नारायण ने पुलिस को ममता और मयंक के प्रेम संबंधों का हवाला दिया और ग्रामीणों ने भी थाने में हंगामा किया जिसपर पुलिस ने मयंक और ऋषि पर हत्या का मामला दर्ज कराया। इधर पुलिस मयंक और ऋषि की तलाश में जुटी थी। तभी अंगदपुर के पास पुलिस टीम ने ऋषि को घेरा तो ऋषि ने पुलिस टीम पर तमंचे से फायर कर दिया, जवाबी फायरिंग में ऋषि के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसको गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से देशी तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। बीती शाम मयंक को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रतीक हथौड़ी भी बरामद कर ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *