P Sharma
विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण SIR (Special Intensive Revision) के कार्य को 100% पूर्ण करने वाले बीएलओ को किया गया सम्मानित
गोण्डा जनपद गोण्डा में विधानसभा निर्वाचन से संबंधित प्रमुख कार्यों के अंतर्गत विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण SIR (Special Intensive Revision) फार्म के 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन के लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले 18 बीएलओ को आज कलेक्ट्रेट सभागार में सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी गोण्डा श्रीमती प्रियंका निरंजन ने सभी बीएलओ को प्रशस्ति पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मान जताया। यह सम्मान उन सभी बीएलओ के उत्कृष्ट कार्य, समयबद्धता तथा निर्वाचन प्रक्रिया में उनके सहयोग और समर्पण को ध्यान में रखते हुए प्रदान किया गया।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित इस सम्मान समारोह में जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण SIR (Special Intensive Revision) फॉर्म का पूर्ण डिजिटाइजेशन निर्वाचन कार्यों को सुदृढ़, पारदर्शी एवं सुगम बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि चुनाव से जुड़े सभी कार्यों में सटीकता, समयबद्धता और तकनीक के प्रभावी उपयोग की आवश्यकता होती है। समय से पूर्व 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा करना न केवल विभागीय टीमवर्क का उदाहरण है, बल्कि यह प्रशासन की कार्यकुशलता को भी दर्शाता है।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने सभी 18 बीएलओ को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि के लिए प्रत्येक बीएलओ की मेहनत, जिम्मेदारी और सक्रिय भागीदारी प्रशंसनीय है। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि भविष्य में भी सभी अधिकारी एवं कर्मचारी इसी निष्ठा और लगन के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम में उपस्थित अपर जिलाधिकारी श्री आलोक कुमार ने बीएलओ के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में कार्य करने वाले कर्मचारी ही सफलता की मुख्य कड़ी होते हैं। समय पर कार्य पूर्ण कर बीएलओ ने जिले को प्रदेश स्तर पर उत्कृष्टता की दिशा में अग्रसर किया है।
इसके अतिरिक्त सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी, जिला आपदा विशेषज्ञ श्री राजेश श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी भी समारोह में उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने बीएलओ की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में जिलाधिकारी ने पुनः सभी बीएलओ को बधाई दी और कहा कि प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद में निर्वाचन कार्यों को पूर्ण पारदर्शिता और दक्षता के साथ संपादित किया जाए। SIR (Special Intensive Revision) फॉर्म का 100 प्रतिशत डिजिटाइजेशन उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
सम्मानित किये गये बीएलओ का विधानसभावार विवरण
*विधानसभा मेहनौन*, श्री भोलेनाथ गुप्ता सहायक अध्यापक, श्री दिनेश कुमार मिश्रा शिक्षामित्र।
*विधानसभा गोण्डा*, श्रीमती पूनम देवी आंगनबाड़ी कार्यकत्री, श्रीमती उम्मतुल निशा आंगनबाड़ी कार्यकत्री।
*विधानसभा कटरा बाजार*, श्रीमती आराधना शिक्षामित्र, श्री राजेंद्र कुमार शिक्षामित्र, श्रीमती सुषमा तिवारी शिक्षामित्र, श्री सिद्धार्थ कुमार मिश्र शिक्षामित्र, श्रीमती सुधा श्रीवास्तव शिक्षामित्र।
*विधानसभा करनैलगंज*, श्रीमती सरोज कुमारी आंगनबाड़ी कार्यकत्री, श्री शिवकुमार यादव शिक्षामित्र, श्रीमती सुभागवती सिंह आंगनबाड़ी कार्यकत्री, श्रीमती शशिबाला आंगनबाड़ी कार्यकत्री, श्रीमती गुड्डी आंगनबाड़ी कार्यकत्री।
*विधानसभा तरबगंज*, श्रीमती रामेश्वरी पाण्डेय आंगनबाड़ी कार्यकत्री।
*विधानसभा गौरा*, श्री काजी मंजूर अहमद सहायक अध्यापक, श्री सौरभ सिंह सहायक अध्यापक, श्रीमती अनीता सहायक अध्यापक।

