P Sharma
उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां अवैध प्रेम संबंध, विवाद और पुलिस कार्रवाई के डर से एक युवक ने आत्महत्या कर ली। आपसी रिश्ते भी अब अपनी गरिमा खोते जा रहे है।ऐसा ही मामला कानपुर से आया है।मृतक की पहचान आकाश कुमार (24) के रूप में हुई है।
सूत्रों से पता लगा है कि आकाश का लखनऊ में रहने वाली अपने रिश्ते की मामी, जो दो बच्चों की मां है, के साथ पिछले डेढ़ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। चार दिन पहले इस संबंध की जानकारी मामा को हो गई, जिसके बाद घर में जमकर हंगामा हुआ।
आरोप है कि मामी ने पूरे मामले से किनारा कर लिया और आकाश पर ही सारा आरोप डाल दिया। इसके बाद मामा ने लखनऊ के काकोरी थाने में आकाश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी। इतना ही नहीं, शनिवार को मामा ने फोन कर आकाश को धमकी भी दी कि अगर उसने अपनी हरकतें नहीं सुधारीं तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
इसी घटनाक्रम से डरे और आहत आकाश ने कानपुर के एक होटल में कमरा बुक किया। वहां उसने लस्सी में सल्फास मिलाकर जहर पी लिया। आत्महत्या से पहले उसने एक वीडियो बनाकर अपनी बहन को भेजा, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए जिम्मेदार लोगों का जिक्र किया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच जारी है।

