यू पी में भीषण गर्मी में उपभोक्ताओं को राहत, 30 दिन तक नहीं कटेगा बिजली कनेक्शन,ऊर्जा मंत्री का बड़ा फैसला

P Sharma 

लखनऊ:

भीषण गर्मी के बीच आम जनता को राहत देते हुए उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने बड़ा फैसला लिया है। अब 1 किलोवाट तक के बिजली उपभोक्ताओं का कनेक्शन 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा, भले ही उनका बैलेंस नेगेटिव ही क्यों न हो।

सरकार के इस फैसले के तहत 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी आंशिक राहत दी गई है। यदि उनका बिजली बिल 200 रुपये तक माइनस है, तो उनकी बिजली सप्लाई जारी रहेगी और कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।

ऊर्जा मंत्री ने साफ निर्देश दिए हैं कि किसी भी उपभोक्ता का कनेक्शन काटने से पहले कम से कम 5 बार SMS के जरिए सूचना देना अनिवार्य होगा। इससे उपभोक्ताओं को समय रहते भुगतान का मौका मिल सकेगा।

लखनऊ में लिए गए इस फैसले को प्रदेशभर में लागू किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश भी दिए गए हैं।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि “उपभोक्ता हित सर्वोपरि है” और सरकार हर हाल में जनता को राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब बिजली आपूर्ति के मामले में अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है।

भीषण गर्मी के दौर में इस फैसले को आम जनता के लिए बड़ी राहत के तौर पर देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *