P Sharma
हरियाणा। पारिवारिक विवाद ने दर्दनाक मोड़ ले लिया। पुत्रवधु के पहनावे और रहन-सहन को लेकर लंबे समय से चल रहे घरेलू तनाव के बीच सास सुमन और ससुर राजेश ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
बताया जा रहा है कि दंपति के इकलौते बेटे आशीष ने पिछले वर्ष दिल्ली निवासी स्नेहा से लव कम अरेंज मैरिज की थी। स्नेहा आधुनिक माहौल में पली-बढ़ी थी, जबकि परिवार गांव के पारंपरिक वातावरण और रीति-रिवाजों को महत्व देता था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता रहता था।
परिजनों के अनुसार, राजेश और सुमन चाहते थे कि बहू परिवार और गांव की मर्यादाओं के अनुसार रहे, जबकि स्नेहा इसे अपनी निजी स्वतंत्रता में हस्तक्षेप मानती थी। धीरे-धीरे यह मतभेद घरेलू कलह में बदल गया।
आरोप है कि कई बार बहू और सास के बीच कहासुनी के साथ बदसलूकी और मारपीट की नौबत भी आई, जिससे दंपति मानसिक तनाव में रहने लगे थे।
बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन भी घर में विवाद हुआ, जिसके बाद तनाव में आकर दोनों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सुमन को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर हालत में राजेश को पीजीआईएमएस रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी भी मौत हो गई।

