P Sharma
*मेरठ, 21 जून 2026*
मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर 6 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी मां गुरप्रीत कौर और उसके प्रेमी अर्पित पाराशर को गिरफ्तार कर लिया है।
*गुमशुदगी की झूठी रिपोर्ट से हुआ खुलासा*
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) अभिजीत कुमार ने बताया कि 16 जून को गुरप्रीत कौर ने थाने में बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उसने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर निवासी अर्पित पाराशर उसके बेटे को कार में ले गया है। जांच में मामला संदिग्ध लगा।
*पूछताछ में जुर्म कबूला, जंगल से मिला शव*
हिरासत में लेने पर अर्पित पाराशर ने हत्या की बात कबूल की। उसने बताया कि गुरप्रीत कौर से उसका प्रेम संबंध था और बच्चा रिश्ते में बाधा बन रहा था। इसलिए गला घोंटकर हत्या की और शव हस्तिनापुर के जंगल में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
*हत्या में मां भी शामिल*
जांच में मिले साक्ष्यों से साफ हुआ कि साजिश में मां गुरप्रीत कौर भी शामिल थी। पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
*कानूनी कार्रवाई*
मुख्य आरोपी अर्पित पाराशर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। आरोपी मां गुरप्रीत कौर को रिमांड के लिए कोर्ट में पेश किया जा रहा है। पुलिस अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
प्रथम दृष्टया प्रेम संबंध में बाधा बनने के कारण हत्या की बात सामने आई है।

