P Sharma
*’विदाई नहीं तो कूद जाऊंगा’ : पत्नी के लिए 4 घंटे टावर पर लटका रहा पति
*बलिया।* इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, मंदिर में शादी और फिर टावर पर जान देने की जिद। गोंडा निवासी 20 वर्षीय आकाश शुक्ला ने रविवार सुबह गड़वार थाना क्षेत्र के हरिपुर गांव में हाईटेंशन टावर पर चढ़कर 4 घंटे तक हड़कंप मचाए रखा।
आकाश का कहना था कि उसकी पत्नी राजमुनि के ससुराल वाले उसे घर नहीं ले जाने दे रहे और पुलिस से पिटवाने की धमकी दे रहे हैं। उसकी जिद थी कि पत्नी की विदाई कराई जाए वरना वह टावर से कूद जाएगा।
*क्या है पूरा मामला:*
आकाश ने पुलिस को बताया कि 4 महीने पहले इंस्टाग्राम पर राजमुनि से दोस्ती हुई थी। दो महीने बाद दोनों ने गोंडा के मंदिर में शादी कर ली और अहमदाबाद में रहने लगे। 16 जून को मामूली विवाद के बाद पत्नी ने पिता को बुला लिया। 19 जून को लौटने पर आकाश ने कमरा बंद और पत्नी गायब पाई।
पत्नी 22 जून को ट्रेन से बलिया आई। ससुर ने फोन पर कहा “तू मर जा, मेरी बेटी का अब तुझसे कोई मतलब नहीं”। 6-7 दिन भटकने के बाद जब आकाश पत्नी के घर पहुंचा तो मारपीट हुई और पुलिस ने धमकाया। इसके बाद वह टावर पर चढ़ गया।
*4 घंटे बाद पटाक्षेप:*
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ससुराल वालों से संपर्क कर पत्नी को मौके पर बुलाया। पत्नी को सामने देखकर आकाश नीचे उतरा। पुलिस उसे थाने ले गई, जबकि युवती को पिता के साथ घर भेज दिया गया।

