P Sharma
*गोंडा*। जनसुनवाई की ताकत एक बार फिर सामने आई। दबंगों द्वारा 4 साल से बंद किए गए पुश्तैनी रास्ते को मंडलायुक्त की सख्ती के बाद प्रशासन ने खुलवा दिया। न्याय मिलने पर पीड़ित परिवार ने मंडलायुक्त से मिलकर आभार जताया।
मामला गोंडा जिले की ग्राम पंचायत सुरती, मौजा रामनगर तरहर, थाना कोतवाली देहात का है। यहां के रहने वाले भवानीभीख गुप्ता पुत्र रामसमुझ गुप्ता का मुख्य मार्ग तक जाने वाला रास्ता गांव के कुछ दबंगों ने 4 साल पहले बंद कर दिया था। रास्ता बंद होने से परिवार को खेतों से छिपकर आना-जाना पड़ रहा था।
पीड़ित ने थाना दिवस, तहसील दिवस सहित कई जगह गुहार लगाई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। कुछ महीने पहले परिवार ने मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल और अपर आयुक्त मीनू राणा से मुलाकात कर समस्या बताई।
मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन की मुस्तैदी से बंद रास्ता खुलवा दिया गया।
रास्ता खुलने के बाद भवानीभीख गुप्ता पत्नी सूर्यकला, बहुएं सुशीला, किरन, पुत्र विजय व पोता-पोतियों के साथ मंडलायुक्त कार्यालय पहुंचे और सम्मान के साथ धन्यवाद ज्ञापित किया। इस दौरान अधिवक्ता श्रीराम गुप्ता भी मौजूद रहे।
मंडलायुक्त ने कहा कि जनसमस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता है।

