बरेली:शादी और नौकरी का झांसा देकर दरोगा पर यौन शोषण का आरोप, एसएसपी ने किया सस्पेंड

P Sharma 

*बरेली*। खाकी पर एक बार फिर दाग लगा है। शादी और सरकारी नौकरी का झांसा देकर यौन शोषण और जबरन गर्भपात कराने का आरोप एक उपनिरीक्षक पर लगा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने आरोपी दरोगा को तत्काल सस्पेंड कर दिया है।

पीड़ित महिला का आरोप है कि वह वर्ष 2025 में पति से विवाद की शिकायत लेकर थाना बारादरी गई थी। वहां तैनात दरोगा नरेश बाबू निवासी मुरादाबाद ने मदद के बहाने उसका नंबर लिया और सहानुभूति जताई। आरोप है कि दरोगा ने महिला से कहा “तुम बहुत खूबसूरत हो, तुम्हारे लिए पत्नी को छोड़ दूंगा” और नौकरी दिलाने का भरोसा देकर करीब एक साल तक शारीरिक संबंध बनाए।

महिला ने आरोप लगाया कि कंकड़ टोला चौकी के सरकारी आवास में भी उसका शोषण किया गया। गर्भवती होने पर मई 2026 में दरोगा ने मेडिकल स्टोर से दवा लाकर जबरन गर्भपात करा दिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई और उसे निजी अस्पताल में भर्ती होना पड़ा।

पीड़िता के अनुसार शादी का दबाव बनाने पर दरोगा टालमटोल करने लगा। हाल ही में दरोगा के एक्सीडेंट की सूचना पर अस्पताल पहुंची महिला के साथ दरोगा की पत्नी शीला रानी और बेटों संदीप व कबीर ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी।

मंगलवार शाम पीड़िता एसएसपी कार्यालय पहुंची और एफआईआर दर्ज करने की मांग की। एसएसपी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और दरोगा नरेश बाबू को निलंबित कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *