गोंडा: छह माह पहले सजी थी मेंहदी, अब फंदे पर लटका मिला विवाहिता का शव, गांव में पसरा मातम

P Sharma 

कटरा बाजार, गोंडा। खुशियां अभी ठीक से घर में बसी भी नहीं थीं कि मातम ने दस्तक दे दी। थाना क्षेत्र के मेहरबानाबाद खास गांव में शुक्रवार सुबह 20 साल की रचना का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। महज छह महीने पहले ही जिसके हाथों में मेंहदी रची थी, आज उसी बेटी की अर्थी उठने की खबर से पूरा गांव सिहर उठा।

बताया जाता है कि रचना की शादी करीब छह माह पूर्व विनय कुमार के साथ हुई थी। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक था, फिर पति विनय रोजी-रोटी के लिए तीन महीने पहले गुजरात के अहमदाबाद चला गया। घर में रचना अकेली रह गई।

शुक्रवार सुबह जब परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो रचना फंदे से लटकी मिली। चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़ पड़े। देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि हंसती-खेलती रचना अब इस दुनिया में नहीं है।

सूचना पर कटरा बाजार थाने की पुलिस और माधोपुर चौकी की टीम मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

आखिर क्यों उठाया रचना ने यह खौफनाक कदम? क्या पति से दूरी बनी वजह? क्या ससुराल में कोई ताना? या कोई और गम जो वो किसी से कह न सकी? फिलहाल हर सवाल अनुत्तरित है।

पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है। उधर, बेटी की मौत की खबर से मायके में कोहराम मचा है। एक माँ की गोद फिर सुनी हो गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *