कानपुर में रिश्तों का खूनी अंत: अवैध संबंधों के विरोध पर पति की पीट-पीटकर हत्या का आरोप

P Sharma

_पत्नी, ससुराल पक्ष और कथित दबंग ठेकेदार समेत एक दर्जन पर हत्या का आरोप, परिजनों में कोहराम – पुलिस जांच में जुटी_

कानपुर।कानपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। अवैध संबंधों के विरोध पर पति की पीट-पीटकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगा है। मृतक की पहचान राजीव के रूप में हुई है। परिजनों ने पत्नी, उसके ससुराल पक्ष और इलाके के एक कथित दबंग ठेकेदार समेत करीब एक दर्जन लोगों पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैली हुई है।

क्या है पूरा मामला?

परिजनों के आरोपों के मुताबिक, राजीव की पत्नी का इलाके के एक ठेकेदार से कथित अवैध संबंध था। इसकी भनक लगने पर राजीव ने विरोध किया था। आरोप है कि विरोध से नाराज होकर पत्नी ने ससुराल पक्ष को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद साजिश रची गई।

 

परिजनों का आरोप है कि पत्नी, उसके परिवार के लोग और कथित प्रेमी ठेकेदार एक राय होकर राजीव के घर पहुंचे और उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल राजीव की मौत हो गई।

परिवार में कोहराम, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का कहना है कि अवैध संबंधों का विरोध करना ही राजीव की जान पर भारी पड़ गया। अगर समय रहते समझाया जाता तो यह नौबत न आती।

वहीं, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। कथित दबंग ठेकेदार की भूमिका समेत सभी आरोपों की गहराई से जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल आरोपियों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *