फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही: 870 कर्मचारियों का वेतन रोका,लापरवाही बर्दाश्त नहीं-डी एम

Pramod Sharma 

डीएम नेहा शर्मा की सख्ती: 10 मार्च तक कार्य पूरा करें वरना होगी कड़ी कार्रवाई

50% से कम प्रगति पर नाराजगी, लेखपाल-पंचायत सहायक समेत 870 कर्मियों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई

गोंडा: जिलाधिकारी नेहा शर्मा ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य में लापरवाही बरतने पर राजस्व विभाग और कृषि विभाग के 870 कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसमें लेखपाल, पंचायत सहायक और रोजगार सेवक समेत कृषि विभाग के ग्राम स्तरीय कर्मचारी भी शामिल हैं। कार्य में शिथिलता के चलते इनका वेतन रोकने के साथ ही प्रतिकूल प्रविष्टि देने और अनुशासनात्मक कार्रवाई के आदेश जारी किए गए हैं।

फार्मर रजिस्ट्री में 50% से भी कम प्रगति

जिलाधिकारी ने फार्मर रजिस्ट्री कार्य की समीक्षा के दौरान पाया कि जनपद के कई तहसीलों में इस कार्य की प्रगति बेहद धीमी है। सदर तहसील के 280, करनैलगंज के 169, तरबगंज के 227 और मनकापुर तहसील के 194 ग्रामों में अब तक 50 प्रतिशत से भी कम कार्य हुआ है। इस पर डीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

10 मार्च तक कार्य पूरा करने का अल्टीमेटम

डीएम ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि 10 मार्च तक फार्मर रजिस्ट्री का कार्य शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा न करने वाले कर्मचारियों पर और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं – डीएम

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि शासन की प्राथमिक योजनाओं में लापरवाही किसी भी हाल में स्वीकार्य नहीं होगी। फार्मर रजिस्ट्री का कार्य किसानों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।

प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से संबंधित विभागों में हड़कंप मचा हुआ है। अब देखना होगा कि 10 मार्च तक फार्मर रजिस्ट्री का कार्य पूरा होता है या और कड़ी कार्रवाई देखने को मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *