P Sharma
*कीरतपुर साहिब।* पंजाब की भाखड़ा नहर ने 26 साल पुराना राज उगल दिया है। वर्ष 2000 में शादी से लौटते वक्त नहर में समाई मारुति ओमनी वैन अब 32 फुट गहराई से बरामद हुई है। वैन में कोटला गांव के 4 लोग सवार थे, जिनका उस समय कुछ पता नहीं चला था।
*20 अक्तूबर 2000 को हुआ था हादसा:* मिठाई दुकानदार मुनी लाल (36), ड्राइवर तेजराम (37), किसान सुरजीत सिंह और उसका 8 साल का बेटा कालू शादी से लौट रहे थे। तभी वैन भाखड़ा नहर में समा गई थी। परिजनों ने हरिद्वार-देहरादून तक से गोताखोर बुलाए, ढाई लाख खर्च किए, 16 किमी तक नहर छानी, लेकिन वैन नहीं मिली थी।
*गोताखोर को मिली वैन, हड्डियां बरामद:* अब गोताखोर कमलप्रीत सैनी को एक शव तलाशने का काम मिला था। इसी दौरान 32 फुट गहराई में वैन दिखी। रस्सियों से बांधकर पुलिस की निगरानी में बाहर निकाला गया। वैन की छत-पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। अंदर हड्डियां और कालू की स्कूल ड्रेस वाली कमीज मिली।
*26 साल बाद अस्थि विसर्जन:* मुनी लाल के परिजन दीपक कुमार ने बताया कि परिवार ने आस छोड़ दी थी। अब मिली अस्थियों का पातालपुरी साहिब में पूरे रीति-रिवाज से विसर्जन किया गया। मुनी लाल की पत्नी सीता देवी बोलीं, “26 साल तड़पाया पर सुकून है कि अपने हाथों विसर्जन कर पाए।”
*पुलिस बोली- कार्रवाई जारी:* एसएचओ राहुल शर्मा ने कहा कि मामला पुराना है, कानून मुताबिक कार्रवाई की जा रही है
*प्रमोद शर्मा, गोंडा*

