P sharma
*60-70 फीट हिस्सा अचानक लटका, मलबे में फंसे TTE को पुलिस ने निकाला; DRM ने दिए जांच के आदेश*
*लखनऊ, 28 मई।* चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर बुधवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। प्लेटफॉर्म का टिन शेड अचानक भरभराकर गिर पड़ा। इस हादसे में एक TTE और दो यात्री घायल हो गए। सभी घायलों का रेलवे अस्पताल में इलाज चल रहा है।
*मलबे में फंस गए TTE:*
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे प्लेटफॉर्म-5 के शेड का 60 से 70 फीट लंबा हिस्सा अचानक टूटकर लटक गया। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात TTE भूपेंद्र कुमार मलबे में बुरी तरह फंस गए। मौके पर मौजूद GRP व RPF के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद शेड को उठाकर उन्हें बाहर निकाला। हादसे में यात्री अभिषेक और साहिल भी चपेट में आकर घायल हो गए।
*बड़ी अनहोनी टली:*
गनीमत रही कि हादसे से कुछ देर पहले ही इसी प्लेटफॉर्म से इंटरसिटी एक्सप्रेस निकल चुकी थी। ज्यादातर यात्री ट्रेन से रवाना हो चुके थे, इसलिए प्लेटफॉर्म पर भीड़ कम थी। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
हादसे के वक्त हावड़ा-देहरादून एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर पहुंच रही थी, लेकिन समय रहते ट्रेन को हादसे वाली जगह से पहले ही रुकवा दिया गया। इससे दूसरा बड़ा हादसा टल गया। घटना के बाद प्लेटफॉर्म पर अफरा-तफरी मच गई।
*DRM ने दिए जांच के आदेश:*
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। लखनऊ मंडल के DRM सुनील कुमार ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने कहा कि शेड गिरने के कारणों का पता लगाया जाएगा और दोषियों पर कार्रवाई होगी।
*रेलवे कराएगा मरम्मत:*
रेलवे प्रशासन ने बताया कि क्षतिग्रस्त शेड की मरम्मत का काम तुरंत शुरू करा दिया गया है। यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर प्लेटफॉर्म-5 पर कुछ देर के लिए ट्रेनों का संचालन रोका गया।

