P sharma
लखनऊ: गर्भवती प्रेमिका की हत्या कर जंगल में फेंका शव, कंकाल बरामद
आरोपी बॉयफ्रेंड सबूत बरामदगी के दौरान एनकाउंटर में घायल, पैर में लगी गोली
*लखनऊ/सीतापुर।* राजधानी लखनऊ के बाहरी इलाके में शनिवार को एक जंगल से 19 वर्षीय युवती का नरकंकाल बरामद हुआ। पुलिस जांच में सामने आया कि युवती की हत्या उसके ही बॉयफ्रेंड ने गर्भवती होने पर शादी का दबाव बनाने के बाद की थी।
सीतापुर के संदाना क्षेत्र निवासी युवती 25 मई को कुचलई गांव स्थित कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, जिसके बाद लापता हो गई। परिजनों की शिकायत पर संदाना थाने में अपहरण का केस दर्ज किया गया था।
*शादी से इनकार पर की हत्या*
जांच में पुलिस ने आरोपी विशाल पाल निवासी सरैया, सीतापुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि विशाल और मृतका रिलेशनशिप में थे। युवती के गर्भवती होने पर जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी ने उसकी हत्या कर शव रिंग रोड के पास जंगल में फेंक दिया।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से कंकाल, हड्डियां, बाल, कपड़े व चप्पल बरामद किए। परिजनों ने सामान की पहचान कर ली है। फॉरेंसिक टीम ने अवशेष पोस्टमार्टम व डीएनए जांच के लिए भेज दिए हैं।
*सबूत बरामदगी के दौरान एनकाउंटर*
एएसपी सीतापुर दुर्गेश सिंह ने बताया कि शनिवार को गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सबूत बरामदगी के लिए ले जाया जा रहा था। रास्ते में शौच के बहाने गाड़ी रुकवाकर आरोपी ने पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

