बलरामपुर DM का अस्पताल में औचक छापा, लापरवाही पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए सख्त निर्देश

बलरामपुर, 18 जून 2026 ,जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने जिला मेमोरियल चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का जायजा लिया।
निरीक्षण में उन्होंने ओपीडी, वार्ड और अस्पताल परिसर का भ्रमण किया। ओपीडी में डॉक्टरों की उपस्थिति, मरीज पंजीकरण, परामर्श व दवा वितरण व्यवस्था देखी। मरीजों व तीमारदारों से संवाद कर सुविधाओं की हकीकत जानी।

स्वच्छता, पेयजल, विद्युत व्यवस्था में खामियां मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताई और तुरंत सुधार के सख्त निर्देश दिए। वार्डों में भर्ती मरीजों के इलाज, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ की कार्यप्रणाली भी परखी।
डीएम ने कहा कि मरीजों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण इलाज देना सर्वोच्च प्राथमिकता है। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। मरीजों व परिजनों से संवेदनशील व्यवहार और साफ-सफाई की रोज निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक व अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

