P Sharma
हत्या के बाद दूसरी मंजिल पर छिपा था आरोपी, पिता की सूचना पर पुलिस ने पकड़ा
गोरखपुर, 22 जून 2026
बांसगांव थाना क्षेत्र के बलुआ बुजुर्ग गांव में सोमवार तड़के दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां 16 साल के नाबालिग ने अपने बड़े भाई अमित गुप्ता, भाभी रंजना गुप्ता और 3 साल के भतीजे श्रेयांश की धारदार हथियार से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी दूसरी मंजिल के कमरे में जाकर छिप गया।
भतीजी ने देखी पूरी वारदात
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात खाने के दौरान बड़े भाई और छोटे भाई में किसी बात पर विवाद हुआ था। इसके बाद सभी सोने चले गए। आरोप है कि सोमवार रात करीब ढाई से 3 बजे के बीच नाबालिग उठा और कमरे में सो रहे भाई, भाभी और भतीजे पर धारदार हथियार से ताबड़तोड़ वार कर दिए। शोर सुनकर 6 साल की भतीजी जाग गई। उसने अपनी आंखों से चाचा को वारदात करते देख लिया। भतीजी ने ही भागकर बाबा हरी लाल गुप्ता को जानकारी दी।
पिता ने दी पुलिस को सूचना
55 वर्षीय हरी लाल गुप्ता की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, एसपी सिटी, एसपी साउथ और स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। इलाके में सनसनी फैल गई है। हरी लाल गुप्ता अपने बड़े बेटे अमित, बहू रंजना, पोते श्रेयांश, 6 साल की पोती और 16 साल के छोटे बेटे के साथ रहते थे।

