P Sharma
*2 दरोगा समेत 7 हत्याओं का आरोपी था, 4 साल में 3 भाई एनकाउंटर में ढेर*
*सहारनपुर/लखनऊ, 22 जून 2026*
यूपी एसटीएफ ने रविवार देर रात सहारनपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए बिहार के कुख्यात बदमाश लल्लन सिंह उर्फ ललन को एनकाउंटर में मार गिराया। उस पर बिहार और यूपी में 2 दरोगा, एक बैंक कैशियर और एक सुरक्षा गार्ड समेत 7 हत्याओं, डकैती और ATM कैश वैन लूट के संगीन मामले दर्ज थे। ललन पर 1.25 लाख रुपये का इनाम था।
*ऐसे हुआ एनकाउंटर*
एडीजी अमिताभ यश ने बताया कि ASP लाल प्रताप सिंह के नेतृत्व में STF टीम सरसावा-नकुड़ रोड पर चेकिंग कर रही थी। इस दौरान बाइक से आ रहे संदिग्धों को रोका गया तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में लल्लन को गोली लगी। अंधेरे का फायदा उठाकर उसका साथी फरार हो गया। घायल ललन को CHC से जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ सरसावा थाना क्षेत्र में हुई।
*खूनी था पूरा परिवार*
पुलिस के मुताबिक, ललन समस्तीपुर, बिहार के नंदगोलवा गांव का रहने वाला था। पिता शिव शंकर सिंह किसान हैं। उनके 5 बेटों में से 4 – ललन, रजनीश उर्फ बऊआ, मनीष और बबुआ आपराधिक प्रवृत्ति के थे। रजनीश और मनीष 4 साल पहले पुलिस एनकाउंटर में मारे गए थे। अब ललन भी ढेर हो गया। चौथा भाई बबुआ हाजीपुर जेल में बंद है। बड़ा भाई पत्थरु सिंह प्राइवेट जॉब करता है।
*बैंक PO की तैयारी से अपराध की दुनिया तक*
सूत्रों के मुताबिक, भाई रजनीश ने 2016 में SBI PO की परीक्षा पास की थी, लेकिन फाइनल मेरिट में नाम नहीं आया। इसके बाद उसने लूटपाट शुरू कर दी। फिर मनीष और ललन के साथ गैंग बना ली। तीनों ने वाराणसी में एक सब-इंस्पेक्टर को गोली मारकर सरकारी पिस्टल लूटी थी। 1 नवंबर 2022 को चंदौली में युवक की हत्या कर बाइक लूटी थी। ललन पर वाराणसी में एक लाख और चंदौली में 25 हजार का इनाम था।

