P Sharma
*क्वार्सी थाना: 2 लाख की रिश्वत के साथ पकड़ा गया युवक, भाई-पिता हत्या के केस में बंद*
*रिश्वत देकर केस से नाम हटवाना चाहता था युवक, पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा*
*अलीगढ़।* थाना क्वार्सी क्षेत्र में हत्या के मामले में बंद अपने भाई-पिता और एक अन्य साथी को छुड़ाने के लिए एक युवक रिश्वत लेकर थाने पहुंच गया। युवक ने इंस्पेक्टर को *2 लाख रुपये* देने की पेशकश की ताकि तीनों का नाम केस से निकलवा दिया जाए। पुलिस ने युवक को रिश्वत देने के आरोप में मौके से ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को युवक के पास से *जमानत के दस्तावेज, मोबाइल और एफआईआर की कॉपी* भी बरामद हुई है।
*क्या है पूरा मामला*
जानकारी के अनुसार, *18 मार्च 2026* को थाना क्वार्सी इलाके के *शहंशाहबाद नाला रोड* पर कपड़ा और टेंट कारोबारी *शाकिब रियाज खान* की दुकान के बाहर कपड़े टांगने को लेकर पड़ोसी दुकानदारों से विवाद हो गया था। आरोप है कि *कदीर, सद्दाम, बब्बन, रईस और अकील पुत्र मुंशी खां* ने लाठी-डंडों से शाकिब पर हमला कर दिया था।
गंभीर रूप से घायल शाकिब को *जेएन मेडिकल कॉलेज* में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पहले इस मामले में मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था। पीड़ित की मौत के बाद पुलिस ने धारा बढ़ाकर इसे *हत्या* में तब्दील कर दिया था।
इस हत्या के मामले में शाकिब के पड़ोसी *कदीर, सद्दाम और बब्बन* सहित 5 लोगों को आरोपी बनाया गया था। इनमें से तीन आरोपी फिलहाल जेल में बंद हैं।
*रिश्वत लेकर पहुंचा युवक*
पुलिस के मुताबिक, बंद आरोपियों में से एक का भाई अपने पिता और एक अन्य रिश्तेदार को केस से बाहर निकलवाने के लिए थाने पहुंचा। उसने इंस्पेक्टर से मुलाकात कर *2 लाख रुपये रिश्वत* देने की बात कही।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए युवक को रिश्वत देने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में युवक ने बताया कि वह किसी भी कीमत पर अपने परिजनों को बचाना चाहता था।
पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ *बीएनएस की धारा 61(2) भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम* के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया है। वहीं हत्या के मुख्य मामले की विवेचना जारी है।

