P Sharma
कानपुर में करोड़पति दवा कारोबारी की हत्या में सनसनीखेज खुलासा: इकलौती बहू ने ही दी थी 6 लाख की सुपारी
*CCTV से निगरानी और पाई-पाई पर रोक से थी नाराज, बोली- करोड़पति की बहू होकर भी गिड़गिड़ाना पड़ता था, 26 बार चाकू गोदकर नौकर ने की हत्या*
*कानपुर।* पॉश इलाके रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में दवा कारोबारी विनीत मिनोचा (63) की सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि उनकी 36 साल की इकलौती बहू शालू ने ही अपने नौकर विशाल (30) को 6 लाख की सुपारी देकर कराई थी। वजह ससुर की बंदिशें और पैसों पर पूरा कंट्रोल था।
*ऐसे दिया वारदात को अंजाम*
शनिवार रात 11:28 बजे विनीत अपने फ्लैट में अकेले थे। बेटा सुब्रत और बहू शालू पार्टी में गए थे। पुलिस जांच में सामने आया कि शालू ने नौकर विशाल गौतम को फ्लैट की डुप्लीकेट चाबी पहले ही दे रखी थी। रात 9:38 बजे शालू ने विशाल को मैसेज किया – “घर खाली है, तुम चले जाओ।”
इसके बाद विशाल अपने साथी राज किशोर (30) के साथ अपार्टमेंट पहुंचा। सिक्योरिटी ने रोकने की कोशिश की तो शालू ने फोन पर कहा – “अंदर आने दो, ये दवाएं लेकर आए हैं।” दोनों आरोपी फ्लैट के अंदर घुसकर बेटे सुब्रत के बेडरूम में छिप गए।
देर रात जब विनीत घर लौटे तो उन्हें भूख लगी। उन्होंने फ्रिज से मिठाई खाई, पानी पिया और सभी कमरों को चेक कर लॉक करने लगे। इसी दौरान उन्होंने बेटे के कमरे की लाइट जलाई तो दोनों आरोपी अंदर छिपे मिले। विनीत ने पूछा – “यहां क्या कर रहे हो?” इतना सुनते ही विशाल ने पॉलीथिन में लाए चाकू से उन पर हमला कर दिया और 26 बार गोदकर और गला रेतकर उनकी हत्या कर दी।
रविवार तड़के 3 बजे जब बेटा-बहू वापस लौटे तो बेडरूम में खून से लथपथ लाश मिली। शालू रोने और बेहोश होने का नाटक करती रही।
*CCTV ने खोला राज, 14 बार हुई थी बात*
कानपुर वेस्ट के DCP एसएम कासिम आब्दी ने बताया कि पुलिस ने CCTV खंगाले तो विशाल और राज किशोर अपार्टमेंट में आते-जाते दिखे। रविवार देर रात पुलिस ने दोनों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में विशाल ने कहा- “बहू शालू के कहने पर हत्या की, पैसे देने के लिए कहा था।”
इसके बाद पुलिस रातों-रात शालू को थाने ले आई। पहले वह गुमराह करती रही, फिर सख्ती पर टूट गई। कॉल डिटेल से खुलासा हुआ कि हत्या वाली रात शालू और विशाल के बीच 14 बार बात हुई थी।
*रोते हुए बोली बहू- पाई-पाई के लिए तरसाते थे*
पूछताछ में शालू ने रोते हुए कबूला – “करोड़पति परिवार की बहू होने के बाद भी मेरे और पति के खर्च पर ससुर का पूरा नियंत्रण था। छोटे-छोटे खर्चों के लिए भी पैसे मांगने पड़ते थे। पाई-पाई के लिए गिड़गिड़ाना पड़ता था। CCTV से नजर रखते थे। देर रात घूमने और पार्टी करने पर रोक थी, इसलिए मर्डर करा दिया।”
शालू का प्लान हत्या को हार्टअटैक दिखाने का था। उसने नौकर से कहा था कि सोने के बाद तकिया से मुंह दबा देना। लेकिन कारोबारी के जाग जाने से प्लान फेल हो गया और चाकू से हत्या करनी पड़ी।
फिलहाल पुलिस ने बहू शालू और दोनों हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पति सुब्रत का रोल अभी तक जांच में नहीं मिला है, लेकिन उसे थाने में बैठाकर पूछताछ की जा रही है।

