P Sharma
गोंडा
मोतीगंज। वरिष्ठ पत्रकार की मौत के मामले में उनकी पत्नी सायरा बानो ने प्रभारी लेखपाल आर.के. मिश्रा पर गंभीर आरोप लगाते हुए मोतीगंज थाने और जिलाधिकारी को पत्र देकर निलंबन और एफआईआर की मांग की है।
सायरा बानो ने अपने पत्र में कहा है कि उनके पति गंभीर बीमारी से ग्रस्त थे, जिनके इलाज पर लगभग 7 लाख रुपये का खर्च अनुमानित था। शासन ने 12 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये की आंशिक सहायता स्वीकृत की थी। शेष सहायता के लिए दोबारा आवेदन किया गया, जिसकी स्थलीय जांच की जिम्मेदारी प्रभारी लेखपाल आर.के. मिश्रा को दी गई थी।
आरोप है कि लेखपाल ने अनुकूल आख्या लगाने के एवज में रिश्वत की मांग की और स्वास्थ्य कारणों से कार्यालय न पहुंच पाने पर नाराज होकर भ्रामक व असत्य आख्या उच्च अधिकारियों को प्रेषित कर दी। सायरा का कहना है कि समय पर सहायता न मिलने से 15 सितंबर को उनके पति की इलाज के अभाव में मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उनके पति ने मृत्यु से पूर्व इस पूरे प्रकरण पर एक वीडियो बयान भी जारी किया था, जो सोशल मीडिया पर मौजूद है।
पत्र में सायरा ने लेखपाल को तत्काल निलंबित करने, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित अन्य सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज करने और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।इस संबंध में जांच अधिकारी अधीक्षक एस.एन. सिंह से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। यूनियन अध्यक्ष कैलाश वर्मा ने बताया कि इसकी जानकारी सीएमओ संतलाल को दे दी गई है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिला तो यूनियन अधीक्षक और तहसीलदार को शामिल करते हुए मजिस्ट्रेटी जांच की मांग को लेकर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

