P Sharma
76 साल की उम्र में भी लोकतंत्र के लिए सड़क पर उतरीं शबाना, बोलीं – वोट छीना तो चुप नहीं बैठेंगे
मुंबई।76 साल की उम्र, पांच बार नेशनल अवॉर्ड विनर, पद्म भूषण से सम्मानित और करोड़ों की आलीशान जिंदगी… शबाना आजमी के पास आज वो सब कुछ है जिसकी आम इंसान कल्पना ही कर सकता है। चाहतीं तो घर के एसी कमरे में बैठकर टीवी पर खबरें देखतीं, लेकिन उन्होंने मुंबई के ऐतिहासिक शिवाजी पार्क की तपती धूप को चुना।
शुक्रवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और वोटर लिस्ट में कथित गड़बड़ी (SIR) के खिलाफ ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के बैनर तले हुए विशाल प्रदर्शन में शबाना आजमी शामिल हुईं। उनके साथ नसीरुद्दीन शाह, विशाल ददलानी और तुषार गांधी भी मौजूद रहे।
बोलीं – वोट ही आवाज है, और आवाज छीनने नहीं देंगे
शिवाजी पार्क में जुटी 9-10 हजार की भीड़ को संबोधित करते हुए शबाना ने कहा, “हमें बचपन से सिखाया गया है कि हमारा वोट ही हमारी सबसे बड़ी ताकत और आवाज है। लेकिन जब वोटर लिस्ट से ही नाम गायब हो जाए तो जनता चुप कैसे बैठे?”
सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में उन्होंने कहा, “आपका वोट आपका अधिकार है। आपका वोट आपकी आवाज है। लेकिन क्या होगा अगर वोटर लिस्ट से आपका वोट ही गायब हो जाए? सवाल पूछना हमारा लोकतांत्रिक और संवैधानिक हक है और हम इससे पीछे नहीं हटेंगे।”
उन्होंने युवाओं से महात्मा गांधी के रास्ते पर शांतिपूर्ण तरीके से आवाज बुलंद करने की अपील की और कहा, “मुंबई आपको सलाम करती है। हम अब पीछे नहीं हटेंगे, हम लड़ेंगे और संघर्ष करेंगे।”
इस प्रदर्शन में CJP ने CEC के इस्तीफे, 2025 की वोटर लिस्ट को फ्रीज करने और चुनाव आयुक्त की नियुक्ति में पारदर्शिता की मांग रखी है।

