P Sharma
अमेठी में तैनात 22 साल की महिला सिपाही ने कानपुर में फंदा लगाया, पिता बोले- मेंटली टॉर्चर करता था
कानपुर/अमेठी।कानपुर में 22 वर्षीय महिला सिपाही प्रतीक्षा सिंह की आत्महत्या के मामले में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि सिपाही का 45 वर्षीय कोचिंग संचालक विक्रम सिंह चंदेल से अफेयर था, जो उससे 23 साल बड़ा और दो बच्चों का पिता है। 9 महीने में दोनों के बीच 5 हजार से ज्यादा बार फोन पर बातचीत हुई है, जिसमें सबसे लंबी कॉल 4 घंटे की थी।
घटना 30 सितंबर की है। मूल रूप से गिरसी गांव की रहने वाली प्रतीक्षा 2025 में कॉन्स्टेबल बनी थी और अमेठी के मोहनगंज थाने में तैनात थी। वह 7 दिन की छुट्टी लेकर घर आई थी। दोपहर करीब 2 बजे कमरे में उसका शव फंदे से लटका मिला। मौके से उसका मोबाइल रिसेट मिला।
सुसाइड वाले दिन 3 बार हुई बात
डीसीपी साउथ दीपेन्द्र नाथ चौधरी के मुताबिक, प्रतीक्षा ने 2022 में गजनेर में विक्रम की कोचिंग ज्वाइन की थी, वहीं से दोनों में नजदीकियां बढ़ीं। पुलिस भर्ती के बाद प्रतीक्षा की किसी और से बात होने लगी थी, जिसको लेकर दोनों में झगड़ा होता था। सुसाइड वाले दिन भी दोनों में 3 बार बात हुई थी। पुलिस ने कॉल डिटेल के आधार पर आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया है। विक्रम 2019 में सेना से सिपाही पद से रिटायर हुआ था।
भाई बनकर आता था घर
परिजनों ने बताया कि विक्रम भाई बनकर घर आता-जाता था। पिता विजय सिंह ने आरोप लगाया कि विक्रम बेटी को मेंटली टॉर्चर कर रहा था और उसकी शादी कहीं और तय होने पर दबाव बना रहा था।
पिता ने विभागीय सहकर्मी पर भी मोहनगंज थाने में प्रताड़ना और छुट्टी न देने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

