गोंडा:मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों के नाम जोड़ने के लिए चलेगा विशेष अभियान,डीएम ने दी अभियान की जानकारी, बीएलओ घर-घर जाकर करेंगे पात्र मतदाताओं की पहचान

P Sharma 

आगामी विधानसभा निर्वाचन को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए अधिकारियों को सौंपे गए दायित्व

गोण्डा, 12 अक्टूबर 2026 – भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से छूट गए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए विशेष डोर-टू-डोर अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर ऐसे मतदाताओं की पहचान करेंगे, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन विभिन्न कारणों से एसआईआर के बाद तैयार मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं। जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी ने मीडिया बंधुओं के साथ बैठक कर अभियान के उद्देश्य, प्रक्रिया और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की वर्तमान स्थिति का सत्यापन करेंगे तथा ऐसे पात्र व्यक्तियों की पहचान करेंगे, जिनके नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। अभियान के दौरान मृतक, स्थानांतरित तथा अन्य श्रेणियों के मतदाताओं की स्थिति का भी नियमानुसार सत्यापन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।

पात्र मतदाताओं का फॉर्म-6 भरवाकर जोड़ा जाएगा नाम

अभियान के अंतर्गत ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म-6 भरकर अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। पहली बार मतदाता बनने जा रहे युवाओं सहित 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों को भी मतदाता सूची में शामिल करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बीएलओ घर-घर संपर्क कर पात्र व्यक्तियों को आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी देंगे और नाम दर्ज कराने में सहायता करेंगे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार इस सूची को राजनीतिक दलों के साथ भी साझा किया जाएगा, जिससे अभियान में पारदर्शिता बनी रहे और पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की कार्यवाही प्रभावी ढंग से पूरी की जा सके।

आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों की भी दी जानकारी

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मीडिया बंधुओं के साथ आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के संबंध में भी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि निर्वाचन को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्वाचन से जुड़े कार्यों के प्रभावी संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को उनके दायित्व भी आवंटित कर दिए गए हैं।

जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन संबंधी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया जा रहा है।

मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना प्रत्येक पात्र नागरिक के लिए जरूरी

जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील की कि वे अपनी और अपने परिवार के पात्र सदस्यों की मतदाता सूची में प्रविष्टि अवश्य जांच लें। यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, तो वह बीएलओ से संपर्क कर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकता है। मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया निरंतर चलती रहती है, इसलिए पात्र नागरिकों को किसी भी प्रकार की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में समय रहते आवेदन करना चाहिए।

उन्होंने मीडिया बंधुओं से भी मतदाता सूची संबंधी विशेष अभियान और आगामी विधानसभा निर्वाचन की तैयारियों के बारे में जनसामान्य को जागरूक करने में सहयोग की अपेक्षा की, ताकि कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *